जिला प्रमुख चौपड़ा के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर पौधरोपण
स्थानीय निवासियों ने पर्यावरण संरक्षण की ली शपथ
जयपुर, 24 अगस्त। लोकेंद्र सिंह शेखावत। टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर की जिला प्रमुख रमा देवी चौपड़ा के जन्मदिवस की पूर्व संध्या पर रविवार को डिग्गी मालपुरा रोड स्थित ग्राम पंचायत जगन्नाथपुरा के रातल्या गांव में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन गोकुल वाटिका गो सेवा संस्थान के तत्वाधान में किया गया।
समाजसेवी दिनेश बागड़ा और नरेन्द्र सिंह ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान रामदेव मंदिर, दादूदयाल गोशाला और मोक्षधाम परिसर जैसे सार्वजनिक स्थलों पर 151 पौधे लगाए गए। इनमें आम, अमरूद, चीकू, अनार, वट वृक्ष, पीपल और गुलर जैसी छायादार एवं फलदार प्रजातियां शामिल थीं।
स्थानीय निवासियों ने इस अवसर पर पौधों की देखभाल करने और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी ली।
पौधरोपण कर जिला प्रमुख रमा देवी चौपड़ा के दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना की गई।
इस मौके पर कृष्ण बागड़ा, वकील सिंह, रोहित नामा, बलवीर सिंह, अभय सिंह सहित कई गणमान्य लोग और ग्रामीण मौजूद रहे।