चुनाव संबंधी कार्यों में उदासीनता, शिथिलता व लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी: सन्देश नायक
नरेश गुनानी
जयपुर। नगर निकाय आम-चुनाव के तहत निर्वाचन तैयारियों को सुदृढ़ और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर सन्देश नायक ने जिला कलेक्ट्रेट परिसर में स्थापित विभिन्न चुनावी प्रकोष्ठों का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दायित्वों के निर्वहन में पूर्ण पारदर्शिता तथा मुस्तैदी बरतने के सख्त निर्देश दिए।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय परिसर में संचालित मीडिया मॉनिटरिंग सेल (एमएमसी), मीडिया प्रकोष्ठ, चिन्हित मतदाता सूची प्रकोष्ठ तथा सांख्यिकी आंकड़ा प्रकोष्ठ का सघन निरीक्षण किया। उन्होंने प्रकोष्ठों में संधारित रजिस्टरों, फाइलों और ऑनलाइन प्रविष्टियों की बारीकी से जांच की तथा अब तक की प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा की।
समयबद्धता और जवाबदेही तय करने के निर्देश
निरीक्षण के दौरान सन्देश नायक ने सभी अधिकारियों व कार्मिकों को निर्देशित करते हुए कहा कि नगर निकाय चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर उदासीनता, शिथिलता या लापरवाही कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने प्रकोष्ठ प्रभारियों को निर्देश दिए कि वे अपने अधीनस्थ कर्मचारियों के कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करें और यह सुनिश्चित करें कि आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरे हों। मीडिया मॉनिटरिंग सेल में विज्ञापनों और खबरों की 24 घंटे सघन निगरानी रखने तथा मतदाता सूचियों से जुड़े कार्यों को पूरी शुद्धता के साथ निस्तारित करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने चेतावनी दी कि चुनाव कार्य में व्यवधान या नियमों की अनदेखी पाए जाने पर संबंधित कार्मिकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।