निष्पक्ष, निर्भीक एवं स्वतंत्र चुनाव संपन्न कराने के लिए मतदान केंद्रों का किया सघन दौरा
शाहपुरा नगर परिषद क्षेत्र में व्यवस्थाओं का लिया जायजा
नरेश गुनानी
जयपुर, 9 सितम्बर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 के प्रथम चरण के मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने स्वयं धरातल पर मोर्चा संभालते हुए संवेदनशील व सामान्य मतदान केंद्रों का सघन निरीक्षण किया और मतदान प्रक्रिया का प्रत्यक्ष जायजा लिया।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने शाहपुरा नगर परिषद क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था, मतदान दलों की कार्यप्रणाली, वेबकास्टिंग और मतदाताओं के लिए की गई मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की। उन्होंने मौके पर उपस्थित मतदान दलों और सुरक्षाकर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित की जाए। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या लापरवाही पर तुरंत प्रभावी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान संदेश नायक ने मतदान केंद्रों पर पहुंचे मतदाताओं से संवाद किया और मतदान प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं के लिए बनाए गए रैंप, पेयजल, छाया और व्हीलचेयर जैसी आवश्यक सुविधाओं का विशेष रूप से निरीक्षण किया, ताकि मतदाताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि प्रशासन भयमुक्त और स्वतंत्र वातावरण में मतदान संपन्न कराने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। संवेदनशील इलाकों और मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने क्षेत्र के सभी मतदाताओं से अपने मताधिकार का अधिक से अधिक प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाने की अपील की।