जाली नोट सप्लाई गिरोह पर बड़ी कार्रवाई, 2 आरोपी गिरफ्तार, 2.01 लाख रुपये के नकली नोट बरामद
जयपुर, 16 दिसम्बर 2025
| गौरव कोचर
क्राइम ब्रांच आयुक्तालय, जयपुर सीएसटी द्वारा जाली नोट सप्लाई करने वालों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस थाना चित्रकूट क्षेत्र से दो जाली नोट सप्लायरों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 2 लाख 1 हजार रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं।
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन में, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (संगठित अपराध) मन लाल मीना के निकट सुपरविजन तथा पुलिस निरीक्षक रतन सिंह के नेतृत्व में सीएसटी आयुक्तालय, जयपुर की टीम ने यह कार्रवाई की। टीम द्वारा जाली नोट सप्लायरों के संभावित ठिकानों पर तलाश और आसूचना संकलन कर सूचनाओं को विकसित किया गया, जिसके आधार पर पुलिस थाना चित्रकूट जयपुर (पश्चिम) में दबिश दी गई।
इस कार्रवाई में गोविन्द चौधरी और देवेश फांडा को गिरफ्तार कर पुलिस थाना चित्रकूट के सुपुर्द किया गया।
पुलिस कार्यवाही
पुलिस थाना चित्रकूट जयपुर (पश्चिम) में प्रकरण संख्या 491/2025 धारा 178, 179, 180, 318(4), 61(2) बीएनएस-2023 के तहत मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों से 2,01,000 रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी
- गोविन्द चौधरी पुत्र मोती लाल, जाति कलाल, उम्र 25 वर्ष, निवासी श्रीराम मंदिर के पास, गांव दुबालिया, तहसील रामपुर, थाना सुनेल, जिला झालावाड़।
- देवेश फांडा पुत्र रमेश फांडा, जाति पंजाबी, उम्र 40 वर्ष, निवासी ई-8/23 आदित्य अपार्टमेंट, एसबीआई बैंक के पीछे, सेक्टर-08 चित्रकूट, जयपुर; हाल किरायेदार फ्लैट संख्या 202, वेस्टवुड अपार्टमेंट, सेक्टर चित्रकूट, जयपुर।
पूछताछ में खुलासा
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से जाली नोट लाते थे। मामले में अनुसंधान जारी है और आरोपियों से और भी जाली नोट बरामद होने की संभावना जताई जा रही है।
पुलिस टीम: रामकिशन (हेड कांस्टेबल), संदीप, रामदयाल, ललित, शिवराज, चालक कांस्टेबल भंवर सिंह (सीएसटी आयुक्तालय जयपुर) तथा खेमसिंह आरपीएल जयपुर (विशेष भूमिका)।
यह कार्रवाई जयपुर पुलिस द्वारा जाली नोटों के नेटवर्क पर कड़ा प्रहार मानी जा रही है।

