छत्तीसगढ़
जामपाली में हर्षोल्लास से मनाया गया विश्व पर्यावरण दिवस, हजारों पौधे लगाए गए
Edited By : गणपत चौहान
टेलीग्राफ टाइम्स
जून 07,2025
जामपाली ओसीएम, छत्तीसगढ़।
एसईसीएल की जामपाली खुली खदान परियोजना में गुरुवार को विश्व पर्यावरण दिवस धूमधाम से मनाया गया। समारोह की शुरुआत हरियाली के प्रतीक ध्वज के फहराने के साथ हुई, जिसे उपक्षेत्रीय प्रबंधक सह महाप्रबंधक (खनन) एल. बी. देवांगन ने फहराकर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर भू राजस्व एवं पर्यावरण अधिकारी मंजीत बड़ाइक ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं श्रमिकों को पर्यावरण संरक्षण की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में कोल इंडिया लिमिटेड के चेयरमैन पी. एम. प्रसाद का संदेश वाचन वरीय प्रबंधक (मानव संसाधन) शिवचरन जांगड़े ने किया।
पर्यावरण संरक्षण पर जोर
मुख्य अतिथि एल. बी. देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि “पर्यावरण संरक्षण हमारी जिम्मेदारी है। पेड़-पौधे न केवल हमें जीवनदायी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि जलवायु परिवर्तन, प्रदूषण और जैव विविधता की रक्षा में भी अहम भूमिका निभाते हैं। हमें प्लास्टिक का उपयोग बंद कर, पानी की बर्बादी रोक कर और साफ-सफाई बनाए रखकर प्रकृति के साथ संतुलन बनाना होगा।”
उन्होंने कहा कि वर्तमान में वनों की अंधाधुंध कटाई, बढ़ता प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन हमारे स्वास्थ्य और जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहे हैं। ऐसे में प्रत्येक व्यक्ति को वृक्षारोपण को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।
विभिन्न अधिकारियों ने रखे विचार
समारोह को प्रेमचंद मेहरा (खान प्रबंधक), खिलानन्द कोमरे (खान सुरक्षा अधिकारी), बिनोद कुमार सिन्हा (उत्पादन अधिकारी), सुभाषचंद्र सेठी (खान अभियंता), पी. सतपथी (सर्वे अधिकारी), मंजीत बड़ाइक (भू राजस्व एवं पर्यावरण अधिकारी), और मुकेश कुमार मंडल (कामगार निरीक्षक सह सिक्युरिटी इंचार्ज) ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता और उसकी दिशा में एसईसीएल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
हजारों पौधे लगाए गए
कार्यक्रम के समापन पर जामपाली खदान परिसीमा में स्थित ओल्ड डंपिंग क्षेत्र में हजारों पौधे लगाए गए। इसके साथ ही कार्यालय परिसर के आसपास सैकड़ों फलदार वृक्ष भी रोपे गए। एल. बी. देवांगन द्वारा कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों के बीच सैकड़ों पौधों का वितरण भी किया गया ताकि अधिक से अधिक लोग वृक्षारोपण से जुड़ें।
कार्यक्रम का संचालन मुकेश कुमार मंडल ने किया।