जामपाली खदान में खान सुरक्षा निदेशक ने किया निरीक्षण
मशीनरी सुरक्षा व्यवस्था की ली विस्तृत जानकारी, अधिकारियों को दिए निर्देश
रायगढ़। 06 सितंबर 2025। गणपत चौहान ब्यूरो चीफ़, छत्तीसगढ़ टेलीग्राफ टाइम्स।
केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के अधीन खान सुरक्षा महानिदेशालय (DGMS) नागपुर जोन के निदेशक खान एवं सुरक्षा यांत्रिक रूपेश कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को रायगढ़ क्षेत्र की जामपाली खुली खदान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खदान में कार्यरत भारी मशीनरी और सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया तथा अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

जामपाली आगमन पर उपक्षेत्रीय प्रबंधक सह महाप्रबंधक (खनन) सुनील प्रसाद ने बुके भेंट कर निदेशक श्रीवास्तव का स्वागत किया। इसके बाद सभागार कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित हुई, जिसमें सुरक्षा मानकों, कार्यस्थल पर अपनाए जा रहे उपायों और सुधार की संभावनाओं पर चर्चा की गई।
निरीक्षण के दौरान श्रीवास्तव ने विशेष रूप से ड्रिल मशीन, डोजर, ग्रेडर, टीपर, पोकलेन सहित अन्य HEMM मशीनों की सुरक्षा स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि मशीनों का संचालन सुरक्षा मानकों के अनुरूप हो तथा श्रमिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता पर रखी जाए।

खदान के निरीक्षण में निदेशक श्रीवास्तव के साथ रायगढ़ क्षेत्र के क्षेत्रीय सुरक्षा अधिकारी सह महाप्रबंधक खनन परिमल मावावाला, जामपाली ओसीएम के उपक्षेत्रीय प्रबंधक सह महाप्रबंधक खनन सुनील प्रसाद, खान प्रबंधक प्रेमचंद मेहरा, खान सुरक्षा अधिकारी खिलानन्द कोमरे, खान अभियंता ब्रजेश कान्त, उत्पादन अधिकारी बी.के. सिन्हा, ब्लास्टिंग अधिकारी प्रदिप्तो साहू, डम्प मॉनिटरिंग अधिकारी सुनील कुमार साहू तथा कामगार निरीक्षक खनन सह सुरक्षा इंचार्ज मुकेश कुमार मंडल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के बाद श्रीवास्तव ने कहा कि खदानों में सुरक्षा सर्वोपरि है और दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए मशीनों की समय-समय पर जांच व नियमित रखरखाव अनिवार्य है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा जताई कि सुरक्षा मानकों को और मजबूत करते हुए श्रमिकों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराया जाए।