जवाहर नगर थाना पुलिस की बड़ी सफलता
मोटरसाइकिल चोरी के शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर 3 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
| गौरव कोचर
जयपुर पूर्व। पुलिस थाना जवाहर नगर, जयपुर पूर्व ने वाहन चोरी के मामलों में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर मोटरसाइकिल चोर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से तीन चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व संजीव नैन ने बताया कि 13 दिसंबर 2025 को परिवादी दीपक पुत्र खेमचंद गोस्वामी (उम्र 26 वर्ष), निवासी सिंधी कॉलोनी, जवाहर नगर ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी के अनुसार 12 दिसंबर 2025 को वह सूरज मैदान में क्रिकेट मैच देखने गया था और अपनी मोटरसाइकिल (सिटी 110 एक्स, काले रंग की, नंबर RJ-60 SG-9265) को मैदान के गेट के बाहर खड़ा किया था। मैच समाप्त होने के बाद जब वह वापस लौटा तो मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली। काफी तलाश के बाद भी वाहन नहीं मिलने पर उसने पुलिस कंट्रोल रूम 100 पर सूचना दी और बाद में थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई। इस संबंध में प्रकरण संख्या 290/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जयपुर शहर पूर्व में बढ़ती वाहन चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल के निर्देश तथा सहायक पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में थानाधिकारी महेश चंद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मुखबिर तंत्र और आसूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी नदीम उर्फ हकला पुत्र निसार अहमद, उम्र 30 वर्ष, निवासी चार दरवाजा बासं की पुलियां, थाना गलतागेट, जिला जयपुर उत्तर को डिटेन कर पूछताछ के बाद गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से प्रकरण हाजा की चोरी की मोटरसाइकिल के साथ-साथ धारा 106 बीएनएसएस के तहत दो अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। आरोपी से अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ जारी है।
चोरी का तरीका
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पार्कों और सार्वजनिक स्थानों पर घूमने आने वाले लोगों की मोटरसाइकिलों की पहले रेकी करता था। मौका मिलते ही वह बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को चोरी कर ले जाता था। आरोपी स्मैक और इंजेक्शन जैसे नशीले पदार्थों का आदी बताया गया है।
दर्ज वारदातों का खुलासा
- 12 दिसंबर 2025 – सूरज मैदान, जवाहर नगर से मोटरसाइकिल RJ-60 SG-9265 चोरी (प्रकरण संख्या 290/2025, धारा 303(2) बीएनएस)।
- 11 नवंबर 2025 – सेक्टर-01, जवाहर नगर से मोटरसाइकिल RJ-14 HL-5795 चोरी (प्रकरण संख्या 274/2025, धारा 303(2) बीएनएस)।
- 3 दिसंबर 2025 – थाना आदर्श नगर क्षेत्र से मोटरसाइकिल RJ-14 JA-9673 चोरी (प्रकरण संख्या 284/2025, धारा 303(2) बीएनएस)।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड
आरोपी नदीम उर्फ हकला के खिलाफ पूर्व में भी वाहन चोरी व अन्य धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं, जिनमें चालान पेश किए जा चुके हैं।
पुलिस टीम
महेश चंद (थानाधिकारी), मानसिंह, मुकेश कुमार, अशोक कुमार, धर्मपाल, गजानन्द
विशेष भूमिका: अशोक कुमार और धर्मपाल
पुलिस थाना जवाहर नगर की इस कार्रवाई से क्षेत्र में वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगने की उम्मीद जताई जा रही है।

