जवाहर कला केंद्र में 21 से 30 सितम्बर तक लगेगा अमृता हाट, महिला स्वयं सहायता समूहों के हुनर का दिखेगा अनूठा संगम
नरेश गुनानी
जयपुर, 20 सितम्बर। महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भर राजस्थान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए राजस्थान सरकार महिला अधिकारिता विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग, जयपुर द्वारा राज्य स्तरीय “अमृता हाट” का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन 21 सितम्बर से 30 सितम्बर 2025 तक जवाहर कला केंद्र (दक्षिण परिसर) में आयोजित होगा।

राज्य मंत्री डॉ. मंजू बागमर रविवार, 21 सितम्बर को शाम 6 बजे अमृता हाट का औपचारिक उद्घाटन करेंगी। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग के शासन सचिव श्री महेंद्र कुमार सोनी, महिला अधिकारिता विभाग की आयुक्त श्रीमती नीतू राजेश्वर सहित विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहेंगे।
महिला अधिकारिता विभाग के उप निदेशक डॉ. राजेश डोगीवाल ने बताया कि अमृता हाट का उद्देश्य महिला स्वयं सहायता समूहों की प्रतिभा को मंच प्रदान कर उन्हें आर्थिक सशक्तिकरण की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस मेले में राजस्थान के विभिन्न जिलों की महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए आकर्षक हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया जाएगा।
हाट में मिलने वाले प्रमुख उत्पादों में हैंडीक्राफ्ट, कशीदाकारी, लाख की चूड़ियां, पेपरमैशी आइटम, टेराकोटा कला, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, बुनाई एवं जूट वर्क, कांसा एवं पीतल वर्क, मसाले, आचार, पापड़ सहित पारंपरिक हस्तशिल्प की विविध वस्तुएं शामिल होंगी। यह मेला ग्रामीण महिलाओं की कला, परंपरा और आत्मनिर्भरता की अद्भुत झलक पेश करेगा।
आगंतुकों के लिए मेले में खरीदारी के साथ-साथ समोसा, तंदूरी चाय, कॉफी, आइसक्रीम जैसे स्वादिष्ट व्यंजनों की विशेष व्यवस्था भी रहेगी, जिससे यह आयोजन एक सांस्कृतिक और पारिवारिक उत्सव का रूप लेगा।
डॉ. डोगीवाल ने कहा कि जयपुरवासी इस हाट का हर साल बेसब्री से इंतजार करते हैं, क्योंकि यहां उपलब्ध उत्पाद ग्रामीण महिलाओं के हुनर और परंपरा की जीवंत मिसाल पेश करते हैं। यह आयोजन मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के निर्देशानुसार आत्मनिर्भर राजस्थान की परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है, जो महिला उद्यमिता और आर्थिक मजबूती को नई पहचान देगा।