जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने पुष्कर मेले में विकास प्रदर्शनी का किया शुभारंभ
03 नवम्बर 2025, जयपुर।
नरेश गुनानी•
अंतर्राष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पुष्कर मेले के अंतर्गत आयोजित कृषि एवं उद्यानिकी विभाग की विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने किया। उद्घाटन अवसर पर उपस्थित अधिकारियों ने मंत्री को प्रदर्शनी में प्रदर्शित आधुनिक तकनीकों और विभागीय योजनाओं की जानकारी दी।
इस दौरान उपनिदेशक उद्यानिकी डॉ. के.पी. सिंह ने मंत्री को बगीचे में ऑटोमेशन तकनीक की मशीन का प्रदर्शन करते हुए बताया कि यह तकनीक जल और श्रम दोनों की बचत के साथ उत्पादन बढ़ाने में सहायक है। वहीं, संयुक्त निदेशक कृषि (विस्तार) संजय तनेजा ने जानकारी दी कि विभाग द्वारा लगाई गई विकास प्रदर्शनी में किसानों के लिए अनेक प्रदर्शनी मॉडल और तकनीकी नवाचार प्रस्तुत किए गए हैं, जिनसे कृषि क्षेत्र में नवाचार और उत्पादकता दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
प्रदर्शनी में राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं जैसे — फार्म पौंड योजना, तारबंदी योजना, सोलर पंप योजना, बूंद-बूंद सिंचाई योजना, मिनी स्प्रिंकलर योजना, गोवर्धन जैविक उर्वरक योजना और ग्रीन हाउस मॉडल आदि के सजीव मॉडल लगाए गए हैं। इसके साथ ही प्याज भंडारण, शेड नेट हाउस, फलदार बगीचा, प्लास्टिक मल्चिंग, लो टनल खेती, गुलाब प्रोसेसिंग यूनिट, एजोला, वर्मी कंपोस्ट, रुफटॉप गार्डनिंग, और आधुनिक कृषि यंत्रों के मॉडल भी किसानों के आकर्षण का केंद्र बने रहे।
प्रदर्शनी में प्राकृतिक खेती से संबंधित जीवामृत, बीजामृत, निमास्त्र जैसे जैव उर्वरक एवं कीटनाशकों के उपयोग पर भी जानकारी दी गई। बड़ी संख्या में किसान और आगंतुक इन मॉडलों को देखने पहुंचे और नई तकनीकों में गहरी रुचि दिखाई।
अधिकारियों ने किसानों को मौके पर ही अनुदानित योजनाओं की जानकारी दी और उन्हें विभागीय योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

