जल संसाधन मंत्री ने वर्ल्ड हेल्थ एंड वेलनेस फेस्ट 2025 का किया उद्घाटन
योग और जल संरक्षण को बताया स्वस्थ जीवन का आधार, सीपीआर प्रशिक्षण लेकर दिया जनजागरूकता का संदेश
| नरेश गुनानी
जयपुर, 20 दिसंबर।
वर्ल्ड हेल्थ एंड वेलनेस फेस्ट 2025 का शुभारंभ शनिवार सुबह होटल क्लार्क्स आमेर में हुआ। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने उद्घाटन समारोह में दीप प्रज्ज्वलित कर फेस्ट का विधिवत शुभारंभ किया और उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।
उद्घाटन अवसर पर मंत्री ने कहा कि फेस्ट की शुरुआत योग साधना से होना अत्यंत सार्थक है, क्योंकि योग भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है। हमारे शास्त्रों में निरोगी काया को सर्वोपरि माना गया है। वर्तमान समय में जब जीवनशैली तेजी से बदल रही है, तब योग और ध्यान का महत्व और भी अधिक बढ़ गया है।
मंत्री ने कहा कि आज हर वर्ग, विशेष रूप से युवा, अपना अधिकांश समय स्क्रीन के सामने व्यतीत कर रहा है, जिसके कारण अनेक शारीरिक और मानसिक समस्याएं उत्पन्न हो रही हैं। ऐसे में वर्ल्ड हेल्थ एंड वेलनेस जैसे आयोजन लोगों को इन विकारों से दूर रखकर मानसिक शांति, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली की ओर प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय युवा अपनी ऊर्जा, कौशल और प्रतिभा के बल पर वैश्विक स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा द्वारा प्रदेशवासियों के स्वास्थ्य और समग्र कल्याण के लिए लिए जा रहे महत्वपूर्ण निर्णयों का भी उल्लेख किया।
जल संसाधन मंत्री ने जल और स्वास्थ्य के आपसी संबंध पर विशेष जोर देते हुए कहा कि स्वास्थ्य और वेलनेस का सीधा संबंध स्वच्छ और पर्याप्त जल उपलब्धता से है। राज्य सरकार प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक पर्याप्त जल पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पूर्वी राजस्थान के 17 जिलों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण संशोधित पार्वती–कालीसिंध–चंबल लिंक परियोजना के कार्यों में तेजी आई है, जिससे भविष्य में जल उपलब्धता और अधिक सुदृढ़ होगी।
समारोह के दौरान मंत्री ने बेसिक लाइफ सपोर्ट (बीएलएस) के अंतर्गत डमी पर सीपीआर का प्रशिक्षण भी लिया। उन्होंने आमजन से ऐसे जीवनरक्षक प्रशिक्षण लेने का आह्वान किया, ताकि आपातकालीन परिस्थितियों में समय रहते जीवन रक्षा संभव हो सके।
इस अवसर पर संस्कृति युवा संस्था के संस्थापक पंडित सुरेश मिश्रा, मैनेजमेंट गुरु एन. रघुरामन, योगाचार्य ढाकाराम, फेस्ट के फाउंडर मुकेश मिश्रा सहित हेल्थ एवं वेलनेस क्षेत्र से जुड़े अनेक विशेषज्ञ उपस्थित रहे। यह आयोजन इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ इवेंट मैनेजमेंट एवं संस्कृति युवा संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है।
फेस्ट में देश-विदेश से आए विशेषज्ञ, हेल्थ इनोवेटर्स, फिटनेस लीडर्स और हेल्थकेयर प्रोफेशनल्स “मन, शरीर और आत्मा” के संतुलन विषय पर लोगों को जागरूक और प्रेरित कर रहे हैं। यह आयोजन स्वास्थ्य, योग, जीवनशैली सुधार और जल संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर समाज को सकारात्मक दिशा देने का कार्य कर रहा है।