जल संसाधन मंत्री ने प्रधानमंत्री के जन्मदिवस पर किया पुष्कर के पवित्र सरोवर का विशेष पूजन एवं दुग्धाभिषेक, प्रधानमंत्री मोदी के स्वस्थ, दीर्घायु जीवन एवं राष्ट्र उन्नति की मंगलकामनाएँ की, प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत ने हासिल की विश्व पटल पर नई सशक्त पहचान- रावत
18 सितम्बर 2025, रिपोर्ट हरि प्रसाद शर्मा पुष्कर,संपादन सुनील शर्मा, टेलीग्राफ टाइम्स।
पुष्कर ।सितम्बर। जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस के अवसर पर बुधवार को पुष्कर सरोवर पर विशेष पूजा-अर्चना और दुग्धाभिषेक कर प्रधानमंत्री के दीर्घायु, स्वस्थ और सुखमय जीवन की मंगलकामनाएँ कीं।
इस अवसर पर रावत ने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके सशक्त मार्गदर्शन में भारत ने विश्व पटल पर नई और सशक्त पहचान स्थापित की है तथा हर क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है। उन्होंने कहा कि आज भारत की आवाज़ को विश्व स्तर पर गंभीरता और सम्मान के साथ सुना जाता है, जो हर भारतीय के लिए गर्व की बात है।

जनकल्याण और राष्ट्र उन्नति का प्रतीक
पुष्कर सरोवर पर किया गया दुग्धाभिषेक केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि जनकल्याण और राष्ट्र उन्नति का संकल्प भी है। इस दौरान जल संसाधन मंत्री रावत ने क्षेत्र में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रधानमंत्री मोदी के हरित भारत और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में सहभागी बनें।
