जल संसाधन मंत्री का दूदू दौरा — छापरवाड़ा बांध का निरीक्षण, सुदृढ़ीकरण के लिए बनेगी विस्तृत रिपोर्ट
रबी फसल सिंचाई के लिए अंतिम छोर तक पहुंचेगा पानी — जल संसाधन मंत्री
जयपुर, 09अक्टूबर 2025 • नरेश गुनानी वरिष्ठ पत्रकार
राजस्थान के जल संसाधन मंत्री सुरेश सिंह रावत गुरुवार को दूदू क्षेत्र के दौरे पर रहे। उन्होंने इस दौरान छापरवाड़ा बांध का निरीक्षण किया और अधिकारियों को नहरों की मरम्मत तथा जल वितरण व्यवस्थाओं को गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने कहा कि विभाग का प्राथमिक लक्ष्य आगामी रबी फसल सिंचाई वर्ष 2025-26 में किसानों तक नहरों के माध्यम से अंतिम छोर तक पानी पहुंचाना है। इसके लिए विभागीय अधिकारी सुदृढ़ीकरण और मरम्मत कार्यों की सतत निगरानी कर रहे हैं ताकि किसानों को उनके हक का पानी समय पर मिल सके।
निरीक्षण के दौरान मंत्री रावत ने जनप्रतिनिधियों और स्थानीय ग्रामीणों से संवाद करते हुए क्षेत्र में चल रहे विकास और सिंचाई कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि दूदू क्षेत्र में 40 करोड़ रुपए की लागत से सिंचाई प्रबंधन और एनीकट मरम्मत के विभिन्न कार्य प्रगतिरत हैं, जिससे सिंचाई तंत्र और अधिक मजबूत होगा।
मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छापरवाड़ा बांध के सुदृढ़ीकरण के लिए विस्तृत सर्वे रिपोर्ट तैयार की जाए ताकि बांध की क्षमता और सुरक्षा को और बेहतर बनाया जा सके।
उन्होंने कहा कि इस मानसून में राज्यभर में अच्छी वर्षा हुई है, जिससे अधिकांश बांध ओवरफ्लो हुए हैं। इसका सीधा लाभ किसानों को मिलेगा और रबी सीजन में पर्याप्त जल उपलब्ध रहेगा।
अधिशाषी अभियंता अनिल थालोड ने मंत्री को छापरवाड़ा बांध की तकनीकी जानकारी देते हुए बताया कि यह एक वृहद बांध है जिसकी कुल भराव क्षमता 17 फीट (1236 एमसीएफटी) है। इसका कमांड एरिया 11,741 हेक्टेयर में फैला हुआ है। यह बांध पिछले दो वर्षों से लगातार ओवरफ्लो हो रहा है और इसकी चार मुख्य नहरों के माध्यम से दूदू, मौजमाबाद, फागी और मालपुरा तहसीलों के 52 गांवों में लगभग 60 हजार बीघा भूमि की सिंचाई की जाती है।
निरीक्षण के दौरान जल संसाधन विभाग के अधीक्षण अभियंता रमाशंकर शर्मा, अधिशाषी अभियंता अनिल थालोड, सहायक अभियंता शंकर लाल रोज, स्थानीय जनप्रतिनिधि और अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

