| गौरव कोचर
जयपुर। जयपुर पुलिस आयुक्तालय की सी.एस.टी. (City Special Team) ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल करते हुए 5,000 रुपये के ईनामी वांछित आरोपी अनिल कुमार जाट को दस्तयाब किया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस की पकड़ से दूर चल रहा था, जिसे पकड़ने के बाद पूछताछ के लिए पुलिस थाना शास्त्री नगर (उत्तर) को सुपुर्द कर दिया गया है।
पुलिस टीम की रणनीति और गिरफ्तारी
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के मार्गदर्शन और विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स्) राहुल प्रकाश के निर्देशन में शहर में वांछित अपराधियों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह के नेतृत्व में CST ने आसूचना संकलित कर तकनीकी आधार पर आरोपी अनिल कुमार जाट (निवासी कोटपुतली-बहरोड) के संभावित ठिकानों पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। इस पूरी कार्रवाई में CST के कांस्टेबल जगदीश की विशेष भूमिका रही।
फर्जी मार्कशीट का हुआ खुलासा
गिरफ्तारी के बाद हुई प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया। अनिल कुमार ने बताया कि वह मानसरोवर क्षेत्र में दूध की डेयरी चलाता था। वहां मोहन गुर्जर नामक व्यक्ति के संपर्क में आने पर उसे पता चला कि पोस्ट ऑफिस में भर्ती निकली है, जिसमें अच्छे अंकों वाली मार्कशीट से सीधा चयन हो सकता है। आरोपी ने सरकारी नौकरी पाने के लालच में मोहन गुर्जर के माध्यम से 10वीं की फर्जी मार्कशीट बनवाई थी।
दर्ज प्रकरण और कानूनी कार्रवाई
आरोपी के विरुद्ध शास्त्री नगर थाने में प्रकरण संख्या 126/2024 के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 120बी (IPC) में मामला दर्ज है। पुलिस अब आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं और अब तक कितने लोगों को फर्जी दस्तावेज उपलब्ध कराए गए हैं।
पुलिस टीम: जुगलकिशोर सउनि एवं जगदीश कानि.।