जयपुर: शिवदासपुरा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मर्डर का मुख्य अभियुक्त गोविन्द चौधरी 24 घंटे में गिरफ्तार

जयपुर, 6 जुलाई 2026 / गौरव कोचर/ ​जयपुर (दक्षिण) की शिवदासपुरा थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महल रोड पर हुए अंधे कत्ल (मर्डर) का महज 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने मामले के मुख्य अभियुक्त गोविन्द चौधरी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज आईपीएस के निर्देशन में गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को दबोचने में सफलता हासिल की।

​क्या था मामला?

​गादोपत (टोडारायसिंह, टोंक) निवासी सोनू यादव जयपुर में रहकर टैक्सी चलाने का काम करता था। वह प्रताप नगर में अपने साथी भागचन्द चौधरी के साथ किराये के कमरे पर रहता था। भागचन्द और अभियुक्त गोविन्द चौधरी (निवासी नला, निवाई) के बीच लंबे समय से पुरानी रंजिश चल रही थी। भागचन्द के साथ रहने के कारण गोविन्द चौधरी, सोनू यादव से भी खुन्नस रखता था।

​दिनांक 3 जुलाई 2026 की रात को वृंदावन चौराहे के पास महल रोड पर एक खाली प्लॉट में गोविन्द चौधरी ने सोनू यादव पर फोल्डिंग चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। इस संबंध में परिवादी राजेश यादव (मृतक के भाई) की रिपोर्ट पर शिवदासपुरा थाने में प्रकरण संख्या 669/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस 2023 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

​1 किलोमीटर पीछा कर आरोपी को दबोचा

​मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (चाकसू) भवानी सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी राजेन्द्र प्रसाद के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

​टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर एफएसएल साक्ष्य जुटाए और करीब के सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। मुखबिरों और तकनीकी इनपुट के आधार पर संदिग्ध की तलाश करते हुए पुलिस टीम वाटिका मोड़ पहुंची। वहां शराब के ठेके के पास खड़ा एक युवक पुलिस को देखकर भागने लगा। टीम के सदस्यों ने करीब 1 किलोमीटर तक पीछा कर घेराबंदी की और अभियुक्त गोविन्द चौधरी (29) को डिटेन कर लिया।

​पूछताछ में रंजिश का खुलासा

​पूछताछ में अभियुक्त गोविन्द चौधरी ने बताया कि उसकी भागचन्द से पुरानी दुश्मनी थी। वह पिछले 15 दिनों से उसे मारने की फिराक में फोल्डिंग चाकू साथ लेकर घूम रहा था। इसके अलावा 15-20 दिन पहले भागचन्द के दोस्त सोनू यादव ने उसके मामा के लड़के सुशील चौधरी का अपहरण कर मारपीट की थी, इसी का बदला लेने के लिए उसने सोनू यादव पर चाकू से वार कर उसकी हत्या कर दी।

​अभियुक्त का आपराधिक रिकॉर्ड

​पकड़ा गया अभियुक्त गोविन्द चौधरी आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ पहले से टोंक और जयपुर के अलग-अलग थानों में गंभीर धाराओं में मामले दर्ज हैं:

  • ​थाना सांगानेर (2016): मारपीट और चोरी (धारा 147, 149, 323, 380 भादस) – चार्जशीटेड
  • ​थाना निवाई (2016): वसूली और मारपीट (धारा 327, 384, 341, 323, 34 भादस) – चार्जशीटेड
  • ​थाना बरोनी (2020): बलवा और जानलेवा हमला (धारा 147, 148, 149, 341, 323, 325, 336 भादस) – चार्जशीटेड
  • ​थाना सांगानेर (2023): मारपीट, धमकी और एससी-एसटी एक्ट (धारा 323, 341, 34, 506 व एससी-एसटी एक्ट) – चार्जशीटेड

​कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम

​इस त्वरित खुलासे में पुलिस टीम की भूमिका सराहनीय रही, जिसमें मुख्य रूप से कॉन्स्टेबल सन्तोष चाहर (नं. 11027) और कॉन्स्टेबल अशोक (नं. 11159) ने विशेष भूमिका निभाई।

​कार्रवाई में शामिल टीम: राजेन्द्र प्रसाद (पुलिस निरीक्षक), लेखराज (उप-निरीक्षक), मदन लाल (स.उ.नि.), मनमोहन (स.उ.नि.), लोकेश (हैड कानि. 634 साईबर सैल), शंकर लाल (कानि. 6509), नन्दकिशोर (कानि. 6018), सोनू (कानि. 9822), संदीप (कानि. 4317), जीत सिंह (कानि. 11348), सन्तोष चाहर (कानि. 11027), अशोक (कानि. 11159) एवं लालाराम (कानि. 11768)।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Share post:

Subscribe

Popular

Block title
Related

जयपुर में ‘एनपीएस संचय आउटरीच कार्यक्रम’ का सफल आयोजन

किसानों, ग्रामीण उद्यमियों और कृषि हितधारकों को मिला सुरक्षित...

पुष्कर के वल्लभ घाट पर अन्नकूट महोत्सव एवं महाआरती आज

अखण्ड भूमण्डलाचार्य वल्लभाचार्य महाप्रभुजी की 74वीं बैठक में होंगे...