जयपुर/ नरेश गुनानी/विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी ने अजमेर शहर स्थित संत कंवर राम कॉलोनी स्थित अपने निवास पर तीन दिवसीय जनसुनवाई का समापन किया। इस दौरान उन्होंने आमजन की समस्याओं और परिवेदनाओं को अत्यंत गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद व संबंधित विभागीय अधिकारियों को उनके तत्काल निस्तारण के कड़े निर्देश दिए।
जनसुनवाई के अंतिम दिन मंगलवार को भी बड़ी संख्या में अजमेर शहरवासी अपनी विभिन्न व्यक्तिगत व सामाजिक समस्याओं को लेकर पहुंचे। विधानसभा अध्यक्ष ने प्रत्येक नागरिक की बात को ध्यानपूर्वक सुना और त्वरित कार्रवाई करते हुए कई मामलों में अधिकारियों से सीधे दूरभाष पर बातचीत कर दिशानिर्देश जारी किए।
संवेदनशीलता और समयबद्ध राहत पर जोर
प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर जोर देते हुए वासुदेव देवनानी ने अधिकारियों को स्पष्ट शब्दों में हिदायत दी कि आमजन के कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा:
”जनप्रतिनिधि और प्रशासन का मुख्य ध्येय नागरिकों को समयबद्ध और प्रभावी राहत पहुंचाना है। प्रत्येक अधिकारी को जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।”
उन्होंने नागरिकों को आश्वस्त किया कि उनकी हर जायज समस्या का नियमानुसार और प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।
स्थानांतरण और राहत मिलने पर जताया आभार
तीन दिनों तक चली इस जनसुनवाई के दौरान विभिन्न समस्याओं से राहत मिलने तथा स्थानांतरण (तबादलों) से जुड़े मामलों में सहयोग मिलने पर दर्जनों नागरिकों, प्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों ने विधानसभा अध्यक्ष का आभार व्यक्त किया। उपस्थित लोगों ने मालाएं पहनाकर और अभिनंदन पत्र सौंपकर उनकी सहज उपलब्धता और जनसरोकारों के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना की।