जयपुर/ गौरव कोचर/पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज (IPS) के निर्देशन में सांगानेर सदर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 75 वर्षीय बुजुर्ग की हत्या के मामले का महज 5 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में मृतक की पत्नी और बेटे को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है।
प्लास्टिक के कट्टे में झाड़ियों में मिला था शव
दिनांक 20 अगस्त 2026 को तड़के करीब 03:35 बजे पुलिस को सूचना मिली कि गोविन्दपुरा में पानी की टंकी के पास 36 दुकान, जेडीए कॉलोनी स्थित एक खाली प्लॉट की चारदीवारी में झाड़ियों के बीच प्लास्टिक के कट्टे और कंबल में लिपटा एक शव पड़ा है, जिससे तेज बदबू आ रही है। सूचना पर सांगानेर सदर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मृतक की शिनाख्त जगदीश चौधरी (75 वर्ष), निवासी हमीरपुर (टोडारायसिंह, टोंक) हाल निवासी जेडीए कॉलोनी गोविन्दपुरा के रूप में हुई। पुलिस ने परिजनों को सूचित किया और एफएसएल (FSL) टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। इसके बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
ऐसे खुला राज
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित किशोर शर्मा के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त चाकसू भवानी सिंह के मार्गदर्शन में थानाधिकारी कमलेश कुमार शर्मा के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। जांच के दौरान मृतक के पुत्र और पत्नी के हाव-भाव व गतिविधियां संदिग्ध नजर आईं। पुलिस ने तकनीकी साधनों और पारंपरिक पूछताछ के आधार पर जब सख्ती से सवाल-जवाब किए, तो दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
- सवाईराम जाट (40 वर्ष) – पुत्र जगदीश चौधरी, निवासी हमीरपुर, टोडारायसिंह (टोंक), हाल निवासी जेडीए कॉलोनी, गोविन्दपुरा, जयपुर।
- सजना उर्फ सजनी (70 वर्ष) – पत्नी जगदीश चौधरी, निवासी हमीरपुर, टोडारायसिंह (टोंक), हाल निवासी जेडीए कॉलोनी, गोविन्दपुरा, जयपुर।
हत्या की वजह व तरीका
पूछताछ में सामने आया कि जगदीश चौधरी शराब पीने का आदी था और आए दिन शराब के नशे में पत्नी और बेटे के साथ गाली-गलौज व मारपीट करता था। रोज-रोज के झगड़े और कलह से तंग आकर पत्नी सजना देवी और बेटे सवाईराम ने मिलकर धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को प्लास्टिक के कट्टे व कंबल में बांधकर पास ही एक खाली प्लॉट की झाड़ियों में फेंक दिया।
पहले से हत्या के मामले में जमानत पर थे आरोपी
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सवाईराम जाट और सजना देवी शातिर प्रवृत्ति के हैं। दोनों आरोपी टोंक जिले के पचेवर थाने में दर्ज मुकदमा नंबर 82/2023 के तहत एक अन्य महिला की हत्या के मामले में पहले से नामजद हैं और फिलहाल जमानत पर बाहर चल रहे थे।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम
कमलेश कुमार शर्मा (थानाधिकारी), रामरतन (स.उ.नि.), लोकेश कुमार (हैड कानि. 634, साइबर सेल), राम सिंह (हैड कानि. 2100, साइबर सेल), प्रेम चौधरी (कानि.), संदीप (कानि.), हनुमान (कानि.) और नरेश (कानि.)।