जयपुर में 7 मई को बजेगा मॉक ड्रिल का सायरन, अलर्ट रहेगा शहर, रात में होगा ब्लैकआउट अभ्यास
Written By: लोकेंद्र सिंह शेखावत
टेलीग्राफ टाइम्स
मई 6, 2025
देशभर में 7 मई को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के अभ्यास के लिए मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार यह ड्रिल देश के 244 जिलों में आयोजित होगी, जिसमें राजस्थान के 18 जिलों के 28 शहर शामिल हैं। राजधानी जयपुर में भी यह मॉक ड्रिल बड़े पैमाने पर आयोजित की जाएगी।
जयपुर जिला प्रशासन के अनुसार, 7 मई को शाम 4 बजे शहर के लगभग दो दर्जन स्थानों पर चेतावनी सायरन बजेंगे। इन प्रमुख स्थानों में जिला कलेक्ट्रेट, शास्त्री नगर, चांदपोल पावर हाउस, चौगान स्टेडियम, एमआई रोड स्थित बीएसएनएल ऑफिस, घाटगेट सेंट्रल जेल, सचिवालय, राजभवन, आमेर जोहर सिंह गेट, एमएनआईटी, बजाज नगर और दुर्गापुरा क्षेत्र शामिल हैं। इन जगहों पर हूटरों के माध्यम से नागरिकों को सायरन की आवाज के जरिए अलर्ट किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह केवल एक अभ्यास है और नागरिकों को घबराने की कोई आवश्यकता नहीं है। इसके साथ ही, रात के समय ब्लैकआउट सायरन भी बजाया जाएगा, जिससे आपदा की स्थिति में बिजली बंदी की तैयारी को परखा जा सके। मुख्य सचिव सुधांशु पंत की अध्यक्षता में इस संबंध में बैठक आयोजित कर सभी संबंधित विभागों को दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं।