जयपुर में 5000 रुपये के इनामी वांछित अपराधी मुबारिक अली गिरफ्तार
दो प्रकरणों में था वांछित, गोवा में होटल मैनेजर बनकर काट रहा था फरारी
गौरव कोचर •
जयपुर, 10 नवम्बर। पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (संगठित अपराध) रिछपाल सिंह के सुपरविजन में क्राइम ब्रांच आयुक्तालय जयपुर की सीएसटी टीम ने 5000 रुपये के इनामी और दो प्रकरणों में वांछित अपराधी मुबारिक अली को गिरफ्तार किया है।
टीम ने आरोपी को बोरिंग चौराहा, झोटवाड़ा से दस्तयाब कर थाना विधायकपुरी (दक्षिण) पुलिस को सुपुर्द किया।
कार्रवाई का विवरण
सीएसटी टीम ने वांछित एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया। आसूचना संकलन एवं विकसित की गई जानकारी के आधार पर कार्रवाई करते हुए टीम ने आरोपी मुबारिक अली को गिरफ्तार किया।
उसके विरुद्ध थाना विधायकपुरी, जयपुर (दक्षिण) में प्रकरण संख्या 150/2024, धारा 170, 418, 420, 384 आईपीसी एवं 13(1), 13(2) राजस्थान पर्यटन व्यवसाय (संरक्षण एवं विनियमन) अधिनियम 2010 में मुकदमा दर्ज है।
गिरफ्तार आरोपी
मुबारिक अली पुत्र नब्बूखान, जाति कायमखानी मुसलमान, उम्र 40 वर्ष, निवासी रोलसाबसर, पानी की टंकी के पास, थाना सदर फतेहपुर, जिला सीकर (हाल मकान नंबर ए-32, श्रीनारायणपुरी बी, थाना झोटवाड़ा, जयपुर)।
पूछताछ में हुआ खुलासा
- आरोपी कई वर्षों से गोवा में होटल में मैनेजर बनकर फरारी काट रहा था।
- वह विदेशी पर्यटकों, विशेष रूप से जापानी नागरिकों से मित्रता कर उन्हें टारगेट करता था।
- आरोपी पर्यटकों को भ्रमण के बहाने अपने ठिकानों पर ले जाता था, उन्हें नशा (गांजा) पिलाकर फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर डराता और जेल भेजने की धमकी देकर उनसे सोना व नकदी ठगता था।
पुलिस टीम
कार्रवाई में महेन्द्र कुमार, राजेन्द्र कुड़ी की अहम भूमिका रही।