जयपुर/ गौरव कोचर/जयपुर दक्षिण की पुलिस थाना सोडाला टीम ने प्रॉपर्टी और यूएसडीटी (क्रिप्टोकरेंसी) में निवेश के नाम पर करीब 100 करोड़ रुपये की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले में वांछित मुख्य आरोपी मोहित और उसके सहयोगी आरोपी घनश्याम को गिरफ्तार कर लिया है। अब तक के अनुसंधान में लगभग 100 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी की बात सामने आई है।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों द्वारा ठगी की रकम से कराई गई 1 करोड़ रुपये की एफडी को फ्रीज करवा दिया है। इसके अलावा करीब 1.25 करोड़ रुपये मूल्य के वाहन, जिनमें एक लग्जरी कार मर्सिडीज E 450 (नंबर RJ60-CF-0006) और एक ट्रायम्फ स्ट्रीट ट्रिपल (TRIUMPH STREET TRIPLE) मोटरसाइकिल शामिल हैं, बरामद किए गए हैं।
5.55 करोड़ रुपये ठगे, मोबाइल बंद कर हुए थे फरार
जयपुर पुलिस आयुक्त द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत परिवादी ऋषि मेहता ने शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित ने बताया कि मेसर्स इजी वे होम्स (M/s Easy Way Homes) नामक कंपनी मोहित कालोया और उसके रिश्तेदार घनश्याम कदेला द्वारा चलाई जा रही थी। आरोपियों ने कम समय में भारी मुनाफे का लालच देकर पीड़ित से समय-समय पर 1 करोड़ 55 लाख रुपये चेक से और 4 करोड़ रुपये नकद ले लिए। 1 जनवरी 2026 को जब पैसा लौटाने का समय आया तो दोनों आरोपियों ने अपने मोबाइल बंद कर लिए। इस रिपोर्ट पर थाना सोडाला में मुकदमा नंबर 33/2026 धारा 316(2), 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत दर्ज कर जांच शुरू की गई।
इनामी बदमाशों को गुड़गांव से दबोचा
शुरुआती जांच में आरोपियों का कोई सुराग न मिलने पर पुलिस ने दोनों पर 2000-2000 रुपये का इनाम घोषित किया था। पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित किशोर शर्मा और सहायक पुलिस आयुक्त सोडाला जेठू सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम ने मुखबिर खास, तकनीकी सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और पारंपरिक पुलिसिंग का इस्तेमाल करते हुए मुख्य आरोपी मोहित को गुड़गांव से दबोच लिया। उसकी पूछताछ व निशानदेही पर सह-आरोपी घनश्याम को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
फर्जी क्रिप्टोकरेंसी वेबसाइट्स से ठगी का तरीका
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने षड्यंत्रपूर्वक बड़ी रकम हड़पने और बड़ा व्यापारी बनने की नीयत से फर्जी डिजिटल कॉइन वेबसाइट्स (Flinty-io और Flinty-live) बनाईं। इन वेबसाइट्स के जरिए लोगों को अच्छा मुनाफा कमाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये का निवेश करवाया गया और बाद में कंपनी बंद करके आरोपी फरार हो गए। आरोपियों के कब्जे से मिले कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल का इस्तेमाल इसी फर्जी ट्रेडिंग और क्रिप्टो वेबसाइट्स को चलाने में किया जा रहा था।
गिरफ्तार अभियुक्त:
- मोहित कालोया पुत्र बजरंग लाल बुनकर (उम्र 27 वर्ष), निवासी बड़ारणों की ढाणी बिहारीपुरा, थाना कालाडेरा, तहसील आमेर, जिला जयपुर (गुड़गांव से गिरफ्तार)।
- घनश्याम कांदेल उर्फ घनश्याम कडेंल पुत्र कैलाश चंद (उम्र 35 वर्ष), निवासी गांव चितवाड़ी बुनकर मोहल्ला, थाना सामोद, जिला जयपुर ग्रामीण।
अन्य थानों में दर्ज आपराधिक मामले:
आरोपियों के खिलाफ पहले से ही करोड़ों रुपये की ठगी के कई मामले दर्ज हैं:
- चित्रकूट थाना (जयपुर पश्चिम): मुकदमा नंबर 152/2026, गबन राशि: 89 करोड़ रुपये।
- साइबर क्राइम थाना (जयपुर आयुक्तालय): मुकदमा नंबर 35/2026, गबन राशि: 87 लाख रुपये।
- चौमू थाना (जयपुर पश्चिम): मुकदमा नंबर 280/2026, गबन राशि: 1.17 करोड़ रुपये।
- सोडाला थाना (जयपुर दक्षिण): मुकदमा नंबर 311/2026, गबन राशि: 50 लाख रुपये।
बरामदगी:
1 करोड़ रुपये की एफडी फ्रीज, मर्सिडीज E 450 कार, ट्रायम्फ स्ट्रीट ट्रिपल मोटरसाइकिल, कंप्यूटर, लैपटॉप और मोबाइल फोन।
पुलिस टीम: मनोज बेरवाल (पु.नि. थानाधिकारी सोडाला), जयकुमार (एसआई), महादेव प्रसाद (एएसआई), लोकेश (एचसी 634 साइबर सैल), रामसिंह (एचसी 2100 साइबर सैल), इरफान (कानि. 1443 – विशेष भूमिका), जयपाल (कानि. 10105 – विशेष भूमिका)।