जयपुर में 10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया गया
राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में स्वास्थ्य और जनजागरूकता के विविध कार्यक्रम आयोजित
जयपुर, 25 सितम्बर। लोकेंद्र सिंह शेखावत
राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय में 10वां राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन प्राचार्य एवं अधीक्षक डॉ. जगदीश प्रसाद बैरवा के निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर आयुर्वेद और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जनजागरूकता बढ़ाने के लिए कई प्रकार की गतिविधियों और शिविरों का आयोजन किया गया।
विभिन्न निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन
कार्यक्रम में नशा मुक्ति, नेत्र रोग, गुदा रोग, पंचकर्म, काय चिकित्सा और स्वर्ण प्राशन सहित अनेक निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन राजकीय आयुष एकीकृत चिकित्सालय में किया गया। इसके अतिरिक्त, विभिन्न विद्यालयों, वृद्ध आश्रमों और छात्रावासों में भी जनजागरूकता हेतु व्याख्यान और चिकित्सा शिविरों का संचालन किया गया।
विशाल रैली और जागरूकता अभियान
“आयुर्वेद जन-जन के लिए, पृथ्वी के कल्याण के लिए” थीम के तहत राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय, आयुष भवन, प्रताप नगर, जयपुर से अतिरिक्त निदेशक जयपुर संभाग, डॉ. बत्ती लाल बैरवा एवं महाविद्यालय प्राचार्य के नेतृत्व में एक विशाल रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में छात्रों, स्वास्थ्यकर्मियों और आमजन ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
आयुर्वेद पर व्याख्यान और स्वास्थ्य सुझाव
कार्यक्रम के प्रभारी डॉ. मीना मीनू बनवारी लाल और सह प्रभारी डॉ. मोनिका शर्मा ने बताया कि आयुर्वेद दिवस पर स्वस्थवृत और योग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राहुल पाराशर और असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. गजानंद शर्मा ने दैनिक जीवन में आयुर्वेद आहार-विहार, दिनचर्या, ऋतुचर्या और आचार-रसायन अपनाने के सुझाव दिए।
निशुल्क औषधि वितरण और वृक्षारोपण
शरीर क्रिया विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. सुनीता रावत और चिकित्सालय प्रभारी डॉ. भारती बांदिल ने लोगों को निशुल्क रोग प्रतिरोधक काढ़ा, आमलकी रसायन और आयुर्वेदिक औषधियां वितरित की। साथ ही, द्रव्यगुण विभाग द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन कर पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक स्वास्थ्य संदेश को भी बढ़ावा दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के महत्व को व्यापक रूप से समझाया गया, जिससे आमजन को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरणा मिली।

