जयपुर में स्वच्छता ही सेवा अभियान 2025 का भव्य शुभारंभ, जनसहभागिता से हुआ संकल्पित आंदोलन
17 सितम्बर 2025, सुनील शर्मा। टेलीग्राफ टाइम्स।
जयपुर, 17 सितम्बर। जिला परिषद जयपुर के सभागार में बुधवार को ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2025’ का शुभारंभ जिला परिषद के अधिकारियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी शेर सिंह लुहाड़िया ने अभियान के उद्देश्यों, महत्व और इसके अंतर्गत की जाने वाली गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी।

अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि स्वच्छता केवल सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास का आधार है। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने और पर्यावरण संरक्षण के लिए जन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। इस दिशा में पायलट प्रोजेक्ट के रूप में एमजेमएस द्वारा संचालित कार्यों को सफलतापूर्वक लागू करने वाली स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को इस अवसर पर सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्वच्छता शपथ ली और प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने का संकल्प लिया। इसके बाद आयोजित स्वच्छता रैली में विद्यार्थी, स्वयंसेवी संस्थाएं और नागरिक भी शामिल हुए, जिन्होंने हाथ में बैनर और पोस्टर लेकर स्वच्छता संदेश का प्रचार किया।
अभियान का उद्देश्य नागरिकों में स्वच्छता और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सामुदायिक भागीदारी सुनिश्चित करना और स्वस्थ जीवन के लिए स्वच्छ वातावरण तैयार करना है। इस पहल से जयपुर शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति नए उत्साह और संकल्प का संचार हुआ।