जयपुर में वन्यजीव सप्ताह: बच्चों ने प्रतियोगिताओं और वॉक के माध्यम से सीखा प्रकृति का पाठ
सुनील शर्मा
जयपुर, 3 अक्टूबर 2025।
71वें विश्व वन्यजीव सप्ताह के अवसर पर राजधानी जयपुर में वन्यजीव संरक्षण और प्रकृति के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न शैक्षिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। जयपुर वन्यजीव चिड़ियाघर के तत्वावधान में नाहरगढ़ जैविक उद्यान, मुहाना वेटलैंड, हाथी गाँव और नाका झालना जैसे चार प्रमुख स्थलों पर छात्रों के लिए विशेष गतिविधियाँ आयोजित की गईं।

नाहरगढ़ जैविक उद्यान में प्रेम पब्लिक स्कूल, न्यू केसरी विद्यापीठ, ब्राइट स्कॉलर स्कूल और विजनरी स्कूल के 103 विद्यार्थियों ने निबंध लेखन और चित्रकला प्रतियोगिताओं में हिस्सा लिया। वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरविन्द माथुर और स्टाफ ने छात्रों के साथ संवादात्मक सत्र आयोजित किए और वन्यजीवों पर आधारित डॉक्यूमेंट्री फ़िल्में दिखाई।
मुहाना वेटलैंड में राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, मुहाना के छात्रों ने ‘रक्षा संस्थान’ के विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में बर्ड वॉचिंग की और लगभग 38 प्रजातियों के पक्षियों का अवलोकन किया। साथ ही छात्रों ने प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में भी भाग लेकर अपनी जानकारी का परीक्षण किया।
हाथी गाँव में डी.ए.वी. मोंटेसरी स्कूल और एनजीओ के सहयोग से बच्चों ने नेचर वॉक किया और ‘एनिमल केयर एंड अवेयरनेस’ गतिविधियों में भाग लिया। वहीं, नाका झालना में डी.ए.वी. स्कूल और सखी बाल निकेतन, कुण्डा बस्ती के छात्रों ने वन्यजीव चित्रकला और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर जितेन्द्र सिंह शेखावत ने बच्चों को वन और वन्यजीव संरक्षण की शपथ दिलाई और “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान से प्रेरित किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में रेंज अधिकारी शुभम शर्मा, गौरव कुमार, अनु खजोतिया, अनीता चौधरी, सहायक वनपाल किशन मीणा, राजाराम और वन विभाग के अन्य स्टाफ तथा ‘रक्षा संस्थान’ की टीम का विशेष योगदान रहा।
इन गतिविधियों ने छात्रों में न केवल पर्यावरणीय शिक्षा का स्तर बढ़ाया, बल्कि प्रकृति और वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता और संवेदनशीलता भी विकसित की।