जयपुर/ गौरव कोचर/जयपुर पश्चिम जिले के बिन्दायका थाना पुलिस ने प्रेस्टीज गार्डन कॉलोनी में हुए सनसनीखेज अंधे कत्ल का पर्दाफाश करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने अपनी रिश्ते की चाची व लिव-इन पार्टनर की गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को मकान के चौक में ही गड्ढा खोदकर गाड़ दिया था। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पीछा करते हुए आरोपी को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से दबोचा।
मकान के चौक में दबा मिला था शव
27 सितंबर 2026 को बिन्दायका थाना पुलिस को सूचना मिली कि सिवार मोड़ स्थित प्रेस्टीज गार्डन कॉलोनी के प्लॉट नंबर 160 में जमीन में एक शव दबा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण, सहायक पुलिस आयुक्त (बगरू) धर्मेन्द्र कुमार और बिन्दायका थानाधिकारी अनिल कुमार जैमिनी मौके पर पहुंचे। एफएसएल टीम को बुलाकर जमीन से शव बाहर निकाला गया, जिसकी पहचान किरण रावत के रूप में हुई। मृतका गर्भवती बताई जा रही है।
घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राजकीय कांवटिया अस्पताल, शास्त्रीनगर की मोर्चरी में रखवाया गया। प्लॉट मालिक कृष्ण कुमार मीणा की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
शक के चलते की हत्या, शव छिपाकर गया था पैदल यात्रा में
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश कुमार गुप्ता के निर्देशन, एसीपी बगरू धर्मेन्द्र कुमार शर्मा के मार्गदर्शन और थानाधिकारी अनिल कुमार जैमिनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह रिश्ते में अपनी चाची लगने वाली किरण रावत के साथ लिव-इन में रह रहा था। आरोपी को मृतका के किसी अन्य व्यक्ति से अवैध संबंध होने का शक था।
इसी शक के चलते 23 सितंबर को आरोपी ने एक हाथ से गला दबाया और दूसरे हाथ से नाक-मुंह पर कपड़ा दबाकर उसकी हत्या कर दी। वारदात छुपाने के लिए उसने मकान के चौक में ही गड्ढा खोदकर शव को दबा दिया। इसके बाद वह सबूत मिटाकर सामोद बालाजी की पैदल यात्रा में शामिल होकर वहां चला गया। यात्रा से लौटने के बाद वह 24 से 26 सितंबर तक फैक्ट्री में सामान्य दिनों की तरह काम करता रहा। 27 सितंबर को जब उसे भनक लगी कि मामले का खुलासा हो सकता है, तो वह फैक्ट्री मालिक से 500 रुपये किराए के लेकर फरार हो गया।
सीसीटीवी और तकनीकी इनपुट से दबोचा
पुलिस टीम ने घटनास्थल के आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का रूट चार्ट तैयार किया। पुलिस ने पीछा करते हुए आरोपी को आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से दस्तयाब कर गिरफ्तार कर लिया।
- गिरफ्तार आरोपी: प्रवेश कुमार उर्फ हग्गु पुत्र रामु रावत (उम्र 20 वर्ष), निवासी गांव परसा औलिया लालपुर, थाना सफदरगंज, जिला बाराबंकी (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी प्लॉट नंबर 160, प्रेस्टीज गार्डन, सिवार मोड़, बिन्दायका।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
अनिल जैमिनी (पुलिस निरीक्षक), शंकर लाल (हैड कानि. 2104), दिनेश कुमार (हैड कानि. 2174), राज महैन्द्र सिंह (कानि. 9220), सुनील सिंह (कानि. 7233) एवं श्रीराम (कानि. 12117, विशेष भूमिका/आसूचनाधिकारी)।