जयपुर में युवती लापता, पुलिस ने छायाचित्र व हुलिया जारी कर की मदद की अपील
गौरव कोचर
जयपुर, 25 सितम्बर। करणी विहार थाना क्षेत्र में 24 वर्षीय युवती के अचानक लापता होने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार, विकास नगर-बी, हीरापुरा पावर हाउस के पीछे मकान नम्बर 77 में रहने वाली मनीषा शर्मा घर से बिना बताए कहीं चली गई और अब तक वापस नहीं लौटी है। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाने में दर्ज रिपोर्ट के मुताबिक मनीषा शर्मा का रंग गोरा, कद लगभग 5 फीट और शरीर मध्यम है। गुम होने के समय वह जीन्स और टॉपर पहने हुई थी। परिजनों ने बताया कि वह 24 साल की है और बिना किसी को जानकारी दिए अचानक घर से निकल गई।
पुलिस ने मनीषा की तलाश तेज करते हुए उसका छायाचित्र और हुलिया जारी कर आमजन से सहयोग की अपील की है। करणी विहार थानाधिकारी ने बताया कि मनीषा के बारे में किसी भी तरह की सूचना मिलने पर तत्काल पुलिस थाना करणी विहार के दूरभाष नम्बर 0141-2440080 पर संपर्क किया जा सकता है।
फिलहाल पुलिस विभिन्न स्थानों पर उसकी तलाश कर रही है और आस-पास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। परिवारजन उसकी सकुशल वापसी के लिए लोगों से मदद की गुहार लगा रहे हैं।

