जयपुर में बारिश से प्रभावित इलाकों का प्रशासनिक अधिकारियों ने किया दौरा
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 01,2025
जर्जर भवन, जलभराव और बारिश से हुए नुकसान का लिया जायजा, राहत कार्य तेज करने के निर्देश
जयपुर, 1 अगस्त — राजधानी जयपुर में लगातार हो रही बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में जलभराव और नुकसान की स्थिति बनी हुई है। इस स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देश पर शुक्रवार को प्रशासनिक अधिकारियों की टीमें प्रभावित क्षेत्रों के दौरे पर निकलीं। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जर्जर भवनों, जलभराव और अन्य बारिश से हुई क्षति का आकलन किया और तत्काल राहत पहुंचाने के निर्देश दिए।

कई इलाकों का किया निरीक्षण
अतिरिक्त जिला कलक्टर (उत्तर) मुकेश कुमार मूंड ने जोरावर सिंह गेट, चांदी की टकसाल, सुभाष चौक, खोले के हनुमान जी, जयसिंहपुरा खोर समेत कई क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए। डूब क्षेत्र में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की अपील भी की गई। साथ ही, अस्थायी राहत शिविरों की तैयारियों की भी समीक्षा की गई।
अतिरिक्त जिला कलक्टर (दक्षिण) संतोष कुमार मीणा ने मालवीयनगर, सांगानेर और जगतपुरा इलाकों का निरीक्षण किया। उपखंड अधिकारी राजेश जाखड़ ने विद्याधर नगर और मुरलीपुरा जोन, अरुण शर्मा ने मानसरोवर और झोटवाड़ा जोन, तथा दीपक खटाना ने आदर्श नगर और सिविल लाइंस जोन का दौरा किया। इन दौरों में संबंधित नगर निगम के उपायुक्त भी मौजूद रहे।
जल निकासी और सुरक्षा उपायों पर जोर
अधिकारियों ने लो-लाइन एरिया, जर्जर भवनों और जलभराव वाले क्षेत्रों की स्थिति देखी और जल निकासी व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए। जहां आवश्यकता हो वहां कीचड़ और पानी निकालने के लिए तुरंत मड पंप लगाने के आदेश दिए गए। जर्जर भवनों की सूची तैयार कर वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर अस्थायी रूप से शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, संभावित जोखिम वाले इलाकों में मिट्टी के कट्टे (सैंडबैग) लगाने के आदेश दिए गए, ताकि बारिश का पानी बस्तियों में न घुसे। नगर निकाय, पीएचईडी और आपदा प्रबंधन दल को मिलकर सतत निगरानी रखने और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने के लिए कहा गया है।
सभी विभागों को आपसी समन्वय के निर्देश
प्रशासन ने नगर निगम, पीडब्ल्यूडी और जलदाय विभाग सहित सभी संबंधित एजेंसियों को आपसी समन्वय बनाकर त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए, ताकि नागरिकों को कम से कम परेशानी हो।