जयपुर में निर्वाचन ड्यूटी नहीं संभालने वाले 6 बीएलओ निलंबित
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी आदर्श नगर ने जारी किए आदेश
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
जयपुर, 14 अगस्त।
निर्वाचन कार्य में लापरवाही बरतने और बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) की ड्यूटी ज्वाइन नहीं करने पर जयपुर के आदर्श नगर क्षेत्र में नियुक्त 6 सरकारी कार्मिकों को निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम 1950 की धारा 32 और धारा 13(ग)(ग), साथ ही राजस्थान सिविल सेवाएं (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1958 के नियम 13 के तहत की गई है।
निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी आदर्श नगर श्रीमती श्यामा राठौड़ ने बताया कि अध्यापिका श्रीमती विभा खांडल, सहायक प्रशासनिक अधिकारी फारूख खान, अध्यापक लेवल-2 सोनू विश्नोई, वरिष्ठ अध्यापक सोनू गोयल, श्री सोहललाल महावर और वरिष्ठ सहायक मुकेश कुमार मेहरा को बीएलओ नियुक्त कर कार्यग्रहण हेतु आदेशित किया गया था।
लेकिन, इन कार्मिकों ने निर्धारित समय पर ड्यूटी ज्वाइन नहीं की। निर्वाचन कार्यालय ने पहले नोटिस जारी कर उपस्थिति दर्ज कराने और कार्यग्रहण करने का निर्देश दिया, किंतु न तो उन्होंने व्यक्तिगत रूप से उपस्थिति दर्ज कराई और न ही कोई लिखित स्पष्टीकरण प्रस्तुत किया।
श्रीमती राठौड़ ने कहा कि चुनाव जैसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में घोर लापरवाही, उदासीनता और अनुशासनहीनता अस्वीकार्य है, क्योंकि इससे निर्वाचन कार्य बाधित होता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्वाचन आयोग के निर्देशों की अवहेलना के चलते सभी 6 कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।