प्रीति बालानी
जयपुर | 26 अप्रैल 2026 राजस्थान सरकार द्वारा किसानों और पशुपालकों को तकनीक व नवाचार से जोड़ने के लिए आयोजित होने वाले ‘ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट’ (GRAM) 2026 की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। जयपुर में 23 से 25 मई तक होने वाले इस राज्य स्तरीय आयोजन के पूर्व, ग्रामीण अंचल में जागरूकता फैलाने के लिए कल, 27 अप्रैल से 15 दिवसीय ‘ग्राम रथ अभियान’ का आगाज किया जाएगा।
प्रधानमंत्री के विजन को धरातल पर उतारने की तैयारी
मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के अनुसार, यह आयोजन प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के ‘सशक्त किसान, समृद्ध भारत’ के विजन को साकार करने की दिशा में एक बड़ा कदम है। इसका मुख्य उद्देश्य कृषि निवेश, आधुनिक तकनीक और नवाचारों के माध्यम से किसानों की आय में वृद्धि करना और राजस्थान में कृषि क्षेत्र की संभावनाओं को दुनिया के सामने लाना है।
क्या है ‘ग्राम रथ अभियान’?
एलईडी मोबाइल वैन पर आधारित यह अभियान अगले 15 दिनों तक जिले की 10 ग्रामीण विधानसभाओं में चलाया जाएगा।
- नोडल अधिकारी: जिला स्तर पर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (जिला परिषद्) और विधानसभा स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारी (SDM) को मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है।
- कवरेज: बगरू, आमेर, बस्सी, चाकसू, दूदू, फुलेरा, चौमू, जमवारामगढ़, शाहपुरा और झोटवाड़ा सहित सांगानेर विधानसभा के 22 ब्लॉकों व 597 ग्राम पंचायतों को कवर किया जाएगा।
- प्रसार: रथ प्रतिदिन प्रत्येक विधानसभा की 4 ग्राम पंचायतों में 5 से 6 स्थानों पर रुकेगा, जहाँ ऑडियो-वीडियो संदेशों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
13 विभागों का संगम और सुझाव पेटिका
इस अभियान के जरिए केवल कृषि ही नहीं, बल्कि ग्रामीण विकास से जुड़े 13 महत्वपूर्ण विभागों की योजनाओं की जानकारी साझा की जाएगी। इनमें उद्यानिकी, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व और पंचायती राज जैसे विभाग शामिल हैं।
- विशेष सुविधा: ग्रामीणों की समस्याओं और सुझावों के लिए रथों में एक ‘सुझाव पेटिका’ भी लगाई गई है, जिसके माध्यम से स्थानीय लोग सीधे राज्य सरकार तक अपनी बात पहुंचा सकेंगे।
कला जत्था और संध्या चौपाल
अभियान को रोचक बनाने के लिए स्थानीय कलाकारों का ‘कला जत्था’ भी साथ चलेगा।
”प्रतिदिन विश्राम स्थल पर ‘संध्या चौपाल’ का आयोजन किया जाएगा, जो इस अभियान का मुख्य आकर्षण होगा। यहाँ कलाकार लोक माध्यमों से किसानों और निवेशकों को जयपुर में होने वाले मुख्य आयोजन ‘ग्राम 2026’ में शामिल होने के लिए प्रेरित करेंगे।”
— संदेश नायक, जिला कलेक्टर, जयपुर
जिला कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस अभियान में जनप्रतिनिधियों और आमजन की अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित की जाए ताकि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक पहुंच सके।