जयपुर में गौवंश के अपमान पर उबाल: खाचरियावास का पैदल मार्च, ‘हनुमान चालीसा’ के पाठ से सरकार को सद्बुद्धि की चेतावनी
| योगेश शर्मा
जयपुर। राजधानी के सिविल लाइन्स विधानसभा क्षेत्र स्थित अशोकपुरा में गौवंश (बछड़े) का कटा सिर मिलने की हृदयविदारक घटना ने सियासी और सामाजिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। इस घटना के विरोध में पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास के नेतृत्व में मंगलवार शाम को जोरदार प्रदर्शन किया गया। आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकाल कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और दोषियों की गिरफ्तारी की मांग की।

पैदल मार्च और पेट्रोल पंप वाले बालाजी पर पाठ
खाचरियावास ने अपने आवास से कार्यकर्ताओं के हुजूम के साथ पैदल मार्च शुरू किया। करीब 2 किलोमीटर की पदयात्रा के बाद जत्था पेट्रोल पंप स्थित हनुमान मंदिर पहुँचा। यहाँ खाचरियावास ने समर्थकों के साथ बैठकर हनुमान चालीसा का पाठ किया। उन्होंने कहा कि यह पाठ वर्तमान सरकार को ‘सद्बुद्धि’ देने के लिए किया गया है, ताकि वे गौवंश की रक्षा कर सकें और अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज सकें।
भाजपा पर तीखा हमला: “अपने कार्यालय के बाहर करके दिखाएं परंपरा”
मीडिया से मुखातिब होते हुए खाचरियावास ने गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि बछड़े की गर्दन काटने वाला व्यक्ति भाजपा का कार्यकर्ता है।
- कानून का हवाला: उन्होंने कहा कि 1955 के गौ रक्षा कानून के तहत यह एक जघन्य अपराध है, चाहे पशु जीवित हो या मृत।
- विधायकों को चुनौती: भाजपा विधायकों के उस कथित बयान पर खाचरियावास ने तीखी आपत्ति जताई जिसमें इसे ‘परंपरा’ बताया गया था। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “यदि यह परंपरा है, तो भाजपा अपने कार्यालय के बाहर ऐसा कृत्य करके दिखाए। संविधान किसी को भी ऐसी घिनौनी हरकत की इजाजत नहीं देता।”
आंदोलन की चेतावनी: “राजभवन और सीएम हाउस का होगा घेराव”
खाचरियावास ने सरकार को अल्टीमेटम देते हुए कहा कि यदि जल्द ही दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई, तो कांग्रेस कार्यकर्ता चुप नहीं बैठेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि:
- आगामी दिनों में मुख्यमंत्री आवास और राजभवन का घेराव किया जाएगा।
- पूरे प्रदेश में गौवंश संरक्षण और उन्हें ‘राज्य पशु’ का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
- उन्होंने याद दिलाया कि कांग्रेस सरकार के समय गौशालाओं और नंदीशालाओं के लिए 1000 करोड़ रुपए का बजट दिया गया था, जबकि वर्तमान सरकार में गौवंश असुरक्षित है।
प्रदर्शन में ये रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन में सिविल लाइन्स ब्लॉक अध्यक्ष रोहिताश सिंह चौहान, बनीपार्क ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, पार्षद दशरथ सिंह, महासचिव नरेन्द्र मारवाल, दौलत सैनी, महेन्द्र सिंह प्रागपुरा, रामनगर मण्डल अध्यक्ष रमेश सिंह जोधा, सुनीता शेखावत, हर्मेन्द्र खोवाल, पार्षद अरिफ खान, रश्मि गुजरती, हर्षल आमेरिया, धर्मेंद्र शर्मा, देवीलाल यादव, गजानंद शर्मा, मनीष चतुर्वेदी और हनी ठाकुर सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
