जयपुर/ गौरव कोचर/पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस आयुक्त प्रदीप मोहन शर्मा के निर्देशन में नवरात्रों में प्रमुख गरबा और डांडिया कार्यक्रमों के दौरान महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। आयोजन स्थलों, निकासद्वारों, पार्किंग स्थलों और आने-जाने वाले मार्गों पर विशेष निगरानी के लिए कालिका पेट्रोलिंग यूनिट को नीली वर्दी में तैनात किया गया है। इसके अलावा, संवेदनशील और अधिक भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादा वस्त्रों में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट की टीम को लगाकर डिकॉय ऑपरेशन संचालित किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं और बालिकाओं के साथ छेड़छाड़ या दुर्व्यवहार करने वाले असामाजिक तत्वों और मनचलों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

डांडिया महोत्सव में महिलाओं से अभद्रता करने वालों पर कालिका का प्रहार, 4 शरारती तत्वों पर त्वरित कार्रवाई:-
- विद्याधर नगर स्टेडियम, जयपुर में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान महिलाओं एवं युवतियों पर अशोभनीय टिप्पणियां करने तथा पुलिस टीम से अभद्रता व धमकी देने पर नमन पारीक (पुत्र राकेश पारीक, उम्र 23 वर्ष, निवासी- शास्त्री नगर, जयपुर), प्रणय दुबे (पुत्र सुयश दुबे, उम्र 21 वर्ष, निवासी- विद्याधर नगर, जयपुर) तथा विक्रम तंवर (पुत्र नवल सिंह तंवर, उम्र 33 वर्ष, निवासी- कोटपूतली-बहरोड़, हाल- VKI जयपुर) को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
- स्वर्ण जयंती पार्क, जयपुर में आयोजित गरबा कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को परेशान करने, अशोभनीय इशारे करने और गाली-गलौज करने की शिकायत पर कार्रवाई की गई। समझाइश के बावजूद अभद्र व्यवहार एवं धमकी देने पर अतीक खान (पुत्र अब्दुल हमीद, उम्र 28 वर्ष, निवासी- भट्टा बस्ती, जयपुर) को धारा 170 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
पुलिस टीम: संतोष, ज्योति, बबीता, पियंका, अनिता, सुप्रिया, घनश्याम, शर्मिला, रचना।
पुलिस का संदेश:
जयपुर पुलिस महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है। सार्वजनिक कार्यक्रमों में महिलाओं के साथ अभद्र व्यवहार करने तथा शांति व्यवस्था भंग करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सुपरविजन अधिकारी पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया के नेतृत्व में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने कार्यक्रम स्थल पर महिलाओं और बालिकाओं को महिला हेल्पलाइन 1090, राजकॉप सिटीजन ऐप, आपातकालीन नंबर 112 एवं अन्य आवश्यक पुलिस संपर्क माध्यमों की जानकारी देकर जागरूक किया। महिला पीसीआर वैन 1090, संबंधित पुलिस थाने की चेतक और ER 112 के जाब्ते के समन्वय से सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त अनुष्ठा कालिया ने बताया कि भीड़भाड़ वाले स्थानों में जाने वाली सभी बालिकाएं और महिलाएं अपने मोबाइल में निर्भया हेल्पलाइन के 5 नंबर 8764866090, 8764866091, 8764866092, 8764866093, 8764866094 को निर्भया 1, 2, 3, 4, 5 के नाम से सेव करें। किसी भी प्रकार की परेशानी या विषम परिस्थिति में तत्काल सहायता के लिए इन नंबरों पर लिखित, मौखिक, ऑडियो, वीडियो या रिकॉर्डिंग भेजी जा सकती है। यह हेल्पलाइन 24 घंटे कार्य करती है।