जयपुर में ‘काव्य कथा’ : पद्मश्री गीता चंद्रन देंगी भरतनाट्यम की प्रस्तुतियां
जयपुर, 23 अगस्त। नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स
राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर, जयपुर में 25 अगस्त 2025 को कला और संस्कृति का एक विशेष आयोजन होने जा रहा है। सुप्रसिद्ध नृत्यांगना और पद्मश्री सम्मान से अलंकृत गीता चंद्रन अपने नृत्य समूह नाट्य वृक्ष डांस कलेक्टिव के साथ ‘काव्य कथा’ नामक कार्यक्रम में भरतनाट्यम प्रस्तुत करेंगी। यह आयोजन सोमवार को शाम 6ः30 बजे मुख्य सभागार में होगा।

इस अवसर पर दर्शक भरतनाट्यम की कई बेजोड़ प्रस्तुतियों का आनंद ले सकेंगे। इनमें शिव स्तुति, गोविंद वंदना, ओंकारा करिणी, रामायण की पुनर्कथा के रूप में कृष्ण लोरी, तिलाना और वनमाली जैसी विशेष प्रस्तुतियां शामिल होंगी।
गीता चंद्रन के साथ मंच पर नाट्य वृक्ष डांस कलेक्टिव की नृत्यांगनाएं राधिका कथल, मधुरा भ्रुशुंडी, सौम्यलक्ष्मी नारायणन और यादवी शकदर मेनन भी प्रस्तुति देंगी। लंबे समय से एक साथ अभ्यास करने के कारण इन कलाकारों की तालमेल और भावाभिव्यक्ति दर्शकों को जीवंत और अविस्मरणीय अनुभव प्रदान करेगी।

कार्यक्रम का तकनीकी निर्देशन राहुल चौहान करेंगे जबकि वाचन की जिम्मेदारी राजीव चंद्रन निभाएंगे। आयोजकों का कहना है कि यह केवल एक नृत्य प्रस्तुति नहीं, बल्कि परंपरा और सांस्कृतिक धरोहर को आगे बढ़ाने का संकल्प है।

गीता चंद्रन ने भरतनाट्यम की परंपरा को आगे बढ़ाने में पांच दशकों से अधिक समय समर्पित किया है। वे नृत्यांगना, गुरु, निर्देशक और सांस्कृतिक दूत के रूप में दुनियाभर में सम्मानित हैं। नाट्य वृक्ष संस्था के माध्यम से उन्होंने अनेक शिष्यों को प्रशिक्षित किया है, जो तकनीकी निपुणता और भावनात्मक गहराई के साथ भरतनाट्यम की इस शास्त्रीय शैली को नई पीढ़ियों तक पहुंचा रहे हैं।
आयोजन से जुड़े विशेषज्ञों का मानना है कि ‘काव्य कथा’ कार्यक्रम परंपरा की सुंदरता और आधुनिक समय की ऊर्जा को एक साथ पिरोकर दर्शकों को कला और संस्कृति का अनूठा अनुभव देगा।