जयपुर में ऑपरेशन “क्लीन स्वीप” की बड़ी कामयाबी
सी.एस.टी. क्राइम ब्रांच और जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, स्मैक और गांजा बरामद
गौरव कोचर
जयपुर, 25 सितम्बर।
पुलिस आयुक्तालय जयपुर की सी.एस.टी. (क्राइम ब्रांच) टीम ने ऑपरेशन “क्लीन स्वीप” के तहत नशा माफियाओं के खिलाफ बड़ी कार्यवाही करते हुए थाना जयसिंहपुरा खोर क्षेत्र में दो अंतरराज्यीय मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार कर 31 ग्राम स्मैक और 3 किलो 200 ग्राम गांजा बरामद किया है।
गुप्त सूचना पर कार्रवाई
पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह के मार्गदर्शन और अति. पुलिस उपायुक्त (संगठित अपराध) रिछपाल सिंह के निकट सुपरविजन में सी.एस.टी. की टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ाई और गुप्त सूचना पर जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाया।
टीम ने दबिश देकर आरोपित रोहित सांसी और काजल सांसी को मौके पर ही दबोच लिया। आरोपियों के कब्जे से 31 ग्राम स्मैक और 3 किलो 200 ग्राम गांजा पैकेटों सहित बरामद किया गया।
तस्करी का तरीका
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपीगण स्मैक और गांजा की छोटी-छोटी पूड़िया बनाकर ट्रांसपोर्ट पुलिया के नीचे आमागढ़ इलाके में और अंगूरी सांसी के घर पर बेचा करते थे।
नशे की सप्लाई को लेकर यह गिरोह लंबे समय से सक्रिय था और युवाओं को सस्ते दामों पर नशा उपलब्ध कराता था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
- रोहित बीडावत पुत्र गोपाल बीडावत, जाति सांसी, निवासी अशोक सांसी का मकान, रोहित नगर, जयसिंहपुरा खोर, जयपुर उत्तर।
- काजल बीडावत पत्नी अमित बीडावत, जाति सांसी, मूल निवासी गांव केशवाना, जिला कोटपूतली-बहरोड़, हाल निवासी अशोक सांसी का मकान, रोहित नगर, जयसिंहपुरा खोर, जयपुर उत्तर।
पुलिस टीम को सफलता
सी.एस.टी. की इस कार्रवाई में कानि. आवेश दुबे और धर्मी मीणा की विशेष भूमिका रही, जबकि टीम में कानि. भंवर, आवेश, धर्मी और रामद्द्याल शामिल रहे।
पुलिस थाना जयसिंहपुरा खोर में प्रकरण संख्या 326/2025 धारा 8/20 व 8/21 एन.डी.पी.एस. एक्ट में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन “क्लीन स्वीप” के तहत जयपुर शहर में नशा माफियाओं पर लगातार शिकंजा कसने के लिए अभियान तेज़ किया गया है और आने वाले दिनों में भी इस तरह की सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।

