जयपुर में उड़ान 2.0 का शुभारंभ : विशेष रूप से सक्षम बच्चों के लिए खेलकूद प्रतियोगिताओं का आगाज़
जयपुर, 06 सितंबर। नरेश गुनानी। टेलीग्राफ टाइम्स
विशेष रूप से सक्षम बच्चों में विधिक जागरूकता और आत्मविश्वास जगाने के उद्देश्य से रालसा (राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण) की ओर से “उड़ान 2.0” अभियान का शनिवार को भव्य शुभारंभ हुआ। यह आयोजन जयपुर के सवाई मानसिंह इंडोर स्टेडियम में हुआ, जिसका उद्घाटन सर्वोच्च न्यायालय के न्यायाधिपति जे. के. माहेश्वरी ने किया।

कार्यक्रम की शुरुआत पुलिस बैंड की स्वागत धुन और नालसा के थीम सॉन्ग से हुई। इसके बाद अतिथियों ने आकाश में गुब्बारे उड़ाकर और वॉल ऑफ इंस्पिरेशन पर हस्ताक्षर कर बच्चों का हौसला बढ़ाया। न्यायाधिपति माहेश्वरी ने बच्चों से सीधे संवाद किया, उनके खेल देखे और उनका उत्साहवर्धन किया।
बच्चों को प्रोत्साहन और प्रेरणा
मुख्य अतिथि न्यायाधिपति माहेश्वरी ने अपने संबोधन में कहा कि विशेष रूप से सक्षम बच्चों को खेलकूद के साथ-साथ शिक्षा और अन्य क्षेत्रों में भी आगे बढ़ने के लिए साहस, उत्साह और लगन के साथ प्रयास करना होगा।
रालसा के कार्यकारी अध्यक्ष न्यायाधिपति संजीव प्रकाश शर्मा ने कहा कि उड़ान 2.0 से बच्चों को अपने सपनों को साकार करने की नई प्रेरणा मिलेगी।
स्वागत भाषण न्यायाधिपति डॉ. पुष्पेंद्र सिंह भाटी ने दिया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन न्यायाधिपति इन्द्रजीत सिंह भाटी ने किया।
खेल और गतिविधियों की श्रृंखला
रालसा के सदस्य सचिव हरिओम अत्री ने बताया कि उड़ान 2.0 कार्यक्रम सम्पूर्ण राजस्थान के हर जिले में शुरू किया गया है। इसके तहत कबड्डी, शतरंज, केरम, बॉसीबाल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, चित्रकारी और लंबीकूद जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
8 से 18 वर्ष की आयु वर्ग के विशेष योग्यजन बच्चे, जो सरकारी और गैर-सरकारी संस्थानों में अध्ययनरत हैं, इन प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे हैं। जिला स्तर पर विजेता बच्चे संभाग स्तर और फिर राज्य स्तर पर प्रतिस्पर्धा करेंगे। यह प्रतियोगिताएं लगभग दो महीने तक चलेंगी।
गरिमामय उपस्थिति
इस अवसर पर न्यायाधिपति महेन्द्र कुमार गोयल, विनोद कुमार भारवानी, शुभा मेहता, अनिल कुमार उपमान, अशोक कुमार जैन, भुवन गोयल, प्रवीर भटनागर, आशुतोष कुमार, मनीष शर्मा और रवि चिराणिया सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।