जयपुर में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई — 29 मामलों में नकली शराब के साथ 9 गिरफ्तार
By : नरेश गुनानी
टेलीग्राफ टाइम्स
जुलाई 31,2025
जयपुर, 31 जुलाई 2025 — जयपुर जिला आबकारी विभाग ने नकली शराब के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर बड़ी सफलता हासिल की है। 25 जुलाई से 31 जुलाई तक चलाए गए इस अभियान में कुल 29 मामले दर्ज किए गए और 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
यह कार्रवाई आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देश पर और जिला आबकारी अधिकारी (जयपुर शहर) श्रीमती देविका तोमर के नेतृत्व में की गई। संयुक्त टीम में सहायक आबकारी अधिकारी प्रदीप बिश्नोई और आबकारी अधिकारी (निरोधक दल) शिवकुमार चौधरी के साथ आबकारी निरीक्षक और प्रहराधिकारी शामिल थे।
कार्रवाई के दौरान जब्त माल
- 2 चौपहिया वाहन — एक स्कॉर्पियो और एक इनोवा क्रिस्टा
- 1 दोपहिया वाहन
- 40 पेटी नकली होलोग्राम युक्त देशी मदिरा (स्कॉर्पियो से बरामद)
- 11 बोतल विदेशी शराब (कार से बरामद)
- 3,599 पव्वे देशी शराब
- 20 पव्वे अंग्रेजी शराब
- 4 बोतल अंग्रेजी शराब (अद्दा)
- 3 बोतल बीयर
- 1 फीज
कार्रवाई का तरीका
अभियान के दौरान आबकारी टीम ने एक स्कॉर्पियो से नकली शराब की बड़ी खेप पकड़ने के बाद आरोपियों से पूछताछ की। उनकी निशानदेही पर 5 अलग-अलग ठिकानों पर दबिश देकर और भी शराब बरामद की गई।
विशेष निरोधात्मक अभियान में 7 ऐसे मामले भी सामने आए जो विशेष श्रेणी में दर्ज किए गए। इनमें शराब के अवैध भंडारण, विक्रय और परिवहन से जुड़े गंभीर मामले शामिल थे।
विभाग का बयान
जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती देविका तोमर ने कहा कि जयपुर में अवैध शराब के कारोबार पर पूरी तरह अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। वहीं, आबकारी विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे संदिग्ध शराब के बारे में तुरंत सूचना दें, ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके।

