जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग का भंडाफोड़, 85 सिलेंडर जब्त
By : गौरव कोचर
टेलीग्राफ टाइम्स
अगस्त 02,2025
जयपुर, 02 अगस्त – जिला कलक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के निर्देश पर जिला रसद अधिकारी की टीम ने शनिवार को अवैध गैस रिफिलिंग के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की।
दो अलग-अलग स्थानों पर हुई कार्रवाई में कुल 85 गैस सिलेंडर, पांच गैस रिफिलिंग मोटर और दो वजनी कांटा मशीनें जब्त की गईं। पहली कार्रवाई गजसिंहपुरा क्षेत्र में हुई, जहां 71 घरेलू और 9 कमर्शियल सिलेंडर सहित उपकरण बरामद हुए। दूसरी कार्रवाई हसनपुरा क्षेत्र में की गई, जहां 5 घरेलू सिलेंडर और अन्य उपकरण मिले।
जिला रसद अधिकारी त्रिलोक चंद मीणा ने बताया कि दोनों स्थानों पर बिना अनुमति गैस रिफिलिंग की जा रही थी, जो जन सुरक्षा के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि ऐसी अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि अवैध गैस रिफिलिंग की जानकारी मिलने पर तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि हादसों को रोका जा सके।