जयपुर में अवैध गैस रिफिलिंग पर बड़ी कार्रवाई: 546 सिलेंडर जब्त, चार गिरफ्तार
जयपुर | 18 दिसंबर 2025
| गौरव कोचर
जिला प्रशासन जयपुर ने अवैध गैस रिफिलिंग कारोबार के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए ऑपरेशन प्रवर्तन के तहत बड़ी कार्रवाई की है। डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के निर्देश पर जिला रसद अधिकारी (प्रथम) द्वारा गठित दो विशेष सतर्कता दलों ने जयपुर शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में दबिश देकर अवैध गतिविधियों का पर्दाफाश किया। इन कार्रवाइयों में कुल 546 घरेलू एवं कॉमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए गए, जबकि चार व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।
जगतपुरा में बड़ी बरामदगी
पहले सतर्कता दल ने सत्यम रेजिडेंसी के पास, जगतपुरा वार्ड संख्या 68 में कार्रवाई की। मौके पर अवैध गैस रिफिलिंग करते हुए 441 कॉमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त किए गए। जांच में सामने आया कि एक ट्रक से भारत पेट्रोलियम के 322 भरे हुए सिलेंडर, एक पिकअप वाहन से 13, एक अल्टो कार से 3, एक कमरे से 10 तथा एक पेड़ के नीचे जमीन पर रखे 93 कॉमर्शियल सिलेंडर बरामद हुए।
मौके पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम—दोनों कंपनियों के सिलेंडर पाए गए। कार्रवाई के दौरान तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 3 मोबाइल फोन, 1 भट्टी, 2 रबर पाइप और 2 रेगुलेटर जब्त किए गए।
सांगानेर में दूसरी कार्रवाई
दूसरे सतर्कता दल ने बड़ा रामद्वारा, सांगानेर क्षेत्र में दबिश दी। यहां से 21 घरेलू और 84 कॉमर्शियल, कुल 105 गैस सिलेंडर जब्त किए गए। अवैध रिफिलिंग में प्रयुक्त 5 रेगुलेटर, 2 रबर पाइप, 1 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 1 भट्टी, 2 रिफिलिंग बॉसूरी तथा सांगानेर गैस एजेंसी के बिल वाउचर भी कब्जे में लिए गए। इस प्रकरण में एक व्यक्ति को मौके से पकड़ा गया।
कुल जब्ती और सख्त चेतावनी
दोनों कार्रवाइयों को मिलाकर कुल 546 गैस सिलेंडर, 1 पिकअप वाहन, 1 इलेक्ट्रॉनिक कांटा, 2 रिफिलिंग बॉसूरी, 7 रेगुलेटर, 2 भट्टी और 4 रबर पाइप जब्त किए गए। साथ ही कुल चार व्यक्तियों की गिरफ्तारी हुई।
जिला रसद अधिकारी प्रियव्रत सिंह चारण ने बताया कि अवैध गैस रिफिलिंग कानूनन अपराध होने के साथ-साथ जनसुरक्षा के लिए अत्यंत खतरनाक है। ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिला प्रशासन की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।