गौरव कोचर
जयपुर। राजधानी में वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर लगाम कसने के लिए जयपुर पूर्व पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिला विशेष टीम (DST) और मालवीय नगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए शातिर वाहन चोर चंदू उर्फ चेतन बैरवा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से शहर के अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई कुल 08 स्कूटी बरामद की हैं।
नशे की लत ने बनाया अपराधी
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व, रंजीता शर्मा (IPS) ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी चंदू उर्फ चेतन बैरवा (24), जवाहर नगर कच्ची बस्ती का निवासी है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह स्मैक के नशे का आदी है। अपने शौक और नशे की पूर्ति के लिए वह अपने साथी राहुल धोबी के साथ मिलकर वाहन चोरी और सूने मकानों व निर्माणाधीन साइट्स से लोहा चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। चोरी किए गए लोहे को कबाड़ियों को बेचकर प्राप्त रुपयों से वे नशा करते थे।
पेट्रोल खत्म होते ही छोड़ देता था वाहन
आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह स्कूटी चोरी करने के बाद उसे तब तक इस्तेमाल करता था जब तक उसका पेट्रोल खत्म नहीं हो जाता। पेट्रोल खत्म होने पर वाहन को सुनसान जगह छोड़कर वह दूसरा वाहन चोरी कर लेता था। आरोपी ने अब तक जयपुर के विभिन्न थाना क्षेत्रों से करीब एक दर्जन वाहन चोरी करना स्वीकार किया है। कई बार अत्यधिक नशे में होने के कारण उसे यह भी याद नहीं रहता था कि उसने चोरी किया हुआ वाहन कहाँ खड़ा किया है।
इन थाना क्षेत्रों से बरामद हुए वाहन
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मालवीय नगर, शिप्रापथ, ज्योति नगर, कोतवाली, प्रताप नगर और एस.एम.एस. थाना इलाकों से चोरी गई 08 स्कूटी बरामद की हैं। मालवीय नगर थाना पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ कर रही है, जिससे चोरी के अन्य वाहनों और वारदातों के खुलासे होने की पूरी संभावना है।
सराहनीय भूमिका और टीम
इस पूरी कार्रवाई में छीतरमल स.उ.नि. और उदय सिंह कानि. (DST) की विशेष भूमिका रही। यह कार्रवाई अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर विनोद कुमार शर्मा के सुपरविजन तथा थानाधिकारी विरेन्द्र सिंह व DST प्रभारी सुखवीर सिंह के नेतृत्व में अंजाम दी गई।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम:
तुलसीराम हैड कानि, रणवीर सिंह हैड कानि, राजेश कानि, देवेन्द्र कुमार कानि, हरूराम कानि, विजय सिंह कानि, नीरज कानि, हेमन्त कानि, जितेन्द्र सिंह कानि चालक, राम खिलाड़ी हैड कानि, ओमप्रकाश कानि, हरिओम कानि एवं विनोद कानि।