जयपुर पुलिस ने फरार एसएनजी ग्रुप डायरेक्टर सत्यनारायण गुप्ता को किया गिरफ्तार
गौरव कोचर
जयपुर। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (चोरी एवं नकबजनी), पुलिस आयुक्तालय जयपुर की कार्यवाही में पुलिस थाना विधाधरनगर जयपुर के हिस्ट्रीशीटर अपराधी एवं धोखाधड़ी के दर्ज प्रकरणों में चल रहे फरार एसएनजी ग्रुप के डायरेक्टर सत्यनारायण गुप्ता को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस आयुक्त जयपुर, बीजू जॉर्ज जोसफ, आईपीएस ने बताया कि पुलिस थाना मुरलीपुरा जयपुर पश्चिम पर धोखाधड़ी में दर्ज मुकदमे के अभियुक्त की गिरफ्तारी हेतु अतिरिक्त पुलिस आयुक्त जयपुर (अपराध) मनीष अग्रवाल-II, आईपीएस के निकट सुपरविजन में प्रकरण के अनुसंधानाधिकारी पुष्पेन्द्र सिंह सोलंकी, आरपीएस, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (चोरी एवं नकबजनी) पुलिस आयुक्तालय जयपुर के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
दर्ज प्रकरण का विवरण
परिवादिया चंचल चौधरी, पत्नी विजेन्द्र सिंह, निवासी प्लॉट नम्बर 21, गिरधर कॉलोनी, सीकर रोड, पुलिस थाना मुरलीपुरा जयपुर ने थाना मुरलीपुरा पर मुकदमा नंबर 365/23 धारा 420, 406, 409, 467, 468, 471, 120 बी आईपीसी के तहत आरोपी सत्यनारायण गुप्ता व अन्य के विरुद्ध मामला दर्ज करवाया था।
अनुसंधान के अनुसार परिवादिया चंचल चौधरी एवं अन्य भूखण्डधारियों ने अपनी खाली जमीन पर मल्टी स्टोरी बिल्डिंग बनाने हेतु आरोपी सत्यनारायण गुप्ता के साथ मिलकर एक कम्पनी “श्रीनाथ कृपा डवलपर्स प्रा. लि.” का गठन किया। सभी भूखण्डधारियों ने अपनी-अपनी जमीन उक्त कम्पनी के नाम बेच दी और प्रति वर्गगज दस शेयर प्राप्त किए।
एमओयू की शर्तों के अनुसार दस प्रतिशत शेयर निदेशक अधिकृत प्रतिनिधि आरोपी सत्यनारायण गुप्ता को तथा 90 प्रतिशत शेयर संबंधित भूखण्डधारियों को आवंटित किए गए। चूंकि आरोपी सत्यनारायण गुप्ता उक्त जमीन पर मल्टीस्टोरी बिल्डिंग नहीं बना पाए, इसलिए शेयरधारक सुरेन्द्र और राजेन्द्र गजराज ने अपने हिस्से के 10,090 शेयर परिवादिया को विक्रय कर हस्ताक्षरशुदा खाली एस.एच.-4 फॉर्म परिवादिया को सौंप दिया।
फिर परिवादिया ने उक्त शेयरों को अपने नाम ट्रांसफर करवाने के लिए फॉर्म खाली ही आरोपी सत्यनारायण गुप्ता को दे दिया। आरोपी, जो कम्पनी में निदेशक एवं अधिकृत प्रतिनिधि था और पिछले 15 साल से चार्टर्ड अकाउंटेंसी का कार्य कर रहा था, ने अपने पद का नाजायज फायदा उठाते हुए परिवादिया के हक के 2,640 शेयर अपने नाम कर लिए। इस पर अनुसंधान करते हुए आरोपी सत्यनारायण गुप्ता को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।
वर्तमान में आरोपी एक दिवस के पीसी रिमाण्ड पर है और बंद हवालात थाना मुरलीपुरा जयपुर में रखा गया है। आरोपी के विरुद्ध जयपुर के विभिन्न थानों में करीब 81 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं और वह थाना विधाधरनगर जयपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है।
गिरफ्तारी में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले टीम सदस्य
- महेन्द्र कुमार कानि – सीएसटी टीम
- राजेन्द्र कुमार कुड़ी कानि – सीएसटी टीम
- मनोज कानि – सीएसटी टीम
- अविनाश कानि – सीएसटी टीम
- महेश सैनी कानि – अपराध शाखा
गिरफ्तार अभियुक्त का विवरण
- नाम: सत्यनारायण गुप्ता
- पिता: स्व. राधेश्याम गुप्ता
- जाति: महाजन
- उम्र: 58 साल
- मूल निवास: 01ई 19, शिव शक्ति कॉलोनी, शास्त्रीनगर, जयपुर
- वर्तमान निवास: 364, जैम्स कॉलोनी, सेक्टर-3, पुलिस थाना विधाधरनगर, जयपुर