जयपुर पुलिस ने पकड़ा ज़हरखुरानी गिरोह का शातिर सदस्य, बस यात्रियों को नशीला पदार्थ पिलाकर करता था लूटपाट
जयपुर, 13 सितम्बर 2025। गौरव कोचर। टेलीग्राफ टाइम्स।
जयपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज़हरखुरानी करने वाले एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बसों में सफर करने वाले यात्रियों को जूस या अन्य पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर पिलाता था और बेहोश होने पर उनके पैसे व गहने लेकर फरार हो जाता था।
घटना का खुलासा तब हुआ जब जगतपुरा निवासी फतेह सिंह ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 अगस्त को अजमेर जाते समय वह और उनकी पत्नी जहरखुरानी का शिकार हुए। आरोपी ने दोनों को जूस पिलाकर बेहोश किया और करीब 15 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, झुमके और चैन लेकर फरार हो गया।
पुलिस ने जांच के बाद खिल्ली (35 वर्ष), निवासी मध्यप्रदेश को गिरफ्तार किया है। आरोपी से सोने के गहने, नकदी और नशीला पदार्थ बरामद किया गया है। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की तलाश कर रही है।