गौरव कोचर
जयपुर। जयपुर पश्चिम की विश्वकर्मा थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए पिछले 4 साल से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी अपराधी प्रदीप सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी धोखाधड़ी के कई मामलों में वांछित था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था।
फर्जी पट्टे बनाकर बैंक और जनता से की करोड़ों की ठगी
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत विश्वकर्मा थाने में दर्ज मामलों की जांच के दौरान इस गिरोह का खुलासा हुआ था।
अभियुक्त प्रदीप सिंह और उसके साथियों ने मिलकर एक ही प्लॉट के तीन-चार फर्जी पट्टे तैयार किए। इन फर्जी दस्तावेजों के आधार पर पहले बैंकों से मोटा लोन उठाया गया और बाद में उन्हीं प्लॉटों को फर्जी पट्टों के जरिए अन्य लोगों को बेचकर लाखों-करोड़ों रुपये ऐंठ लिए गए। ठगी का अहसास होने पर पीड़ितों ने विश्वकर्मा थाने में मामले दर्ज करवाए थे। केस दर्ज होने के बाद से ही आरोपी अपने घर और संभावित ठिकानों से फरार चल रहा था, जिस पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
इस तरह जालसाज तक पहुंची पुलिस
मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) राजेश गुप्ता और सहायक पुलिस आयुक्त (चौमू वृत्त) अंजू यादव के सुपरविजन में विश्वकर्मा थानाधिकारी रविन्द्र सिंह नरुका के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने तकनीकी अनुसंधान और मुखबिरों को सक्रिय कर आरोपी के बारे में खुफिया जानकारी जुटाई। सटीक सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर इनामी अपराधी प्रदीप सिंह को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
- नाम: प्रदीप सिंह शेखावत (उम्र 36 वर्ष)
- पिता का नाम: महावीर सिंह
- निवासी: ग्राम व थाना सुलताना, जिला झुंझुनू।
सफलता हासिल करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाधिकारी रविन्द्र सिंह नरुका, सउनि डालचन्द, हैड कांस्टेबल करण सिंह (1011), हैड कांस्टेबल करतार सिंह (327), कांस्टेबल कमल सिंह (10222) और कांस्टेबल बाबूलाल (9502) शामिल रहे।