जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ऑपरेशन ‘क्लीन स्वीप’ के तहत 101 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद, अंतरराष्ट्रीय कीमत ₹12 लाख
| गौरव कोचर
जयपुर। राजधानी में नशे के सौदागरों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘क्लीन स्वीप’ के तहत जयपुर पुलिस आयुक्तालय की C.S.T. टीम और विश्वकर्मा थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए मादक पदार्थ तस्करी के एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने रोड नंबर 17, टेम्पो स्टैंड के पास से एक ड्रग तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 101 ग्राम एमडी (मेफेड्रोन) बरामद की है। बरामद नशीले पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 12 लाख रुपये आंकी गई है।
दुबई से संचालित हो रहा है नेटवर्क
पुलिस जांच में एक चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। इस तस्करी नेटवर्क का मुख्य सरगना दिपेन्द्र सिंह (निवासी राजपुरा, सीकर) वर्तमान में दुबई में बैठकर इस अवैध कारोबार को संचालित कर रहा है। पुलिस अब दिपेन्द्र सिंह के नेटवर्क से जुड़े अन्य स्थानीय गुर्गों की तलाश में जुटी है।
ऐसे हुई कार्रवाई
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के मार्गदर्शन और विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) राहुल प्रकाश के निर्देशन में C.S.T. टीम ने मुखबिरों के जरिए इंटेलिजेंस विकसित की थी। सूचना मिली कि विश्वकर्मा क्षेत्र में भारी मात्रा में ड्रग्स की खेप आने वाली है। पुलिस उपायुक्त अपराध अभिजीत सिंह के सुपरविजन में टीम ने रोड नंबर 17 पर घेराबंदी की और संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपी के पास से वाणिज्यिक मात्रा (Commercial Quantity) में 101 ग्राम एमडी और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ।
कानूनी कार्रवाई
विश्वकर्मा थाना पुलिस ने इस मामले में प्रकरण संख्या 09/2026 दर्ज कर NDPS एक्ट की धारा 8/22 के तहत आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपी के मोबाइल डेटा और कॉल रिकॉर्ड्स के जरिए यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह ड्रग्स किसे सप्लाई की जानी थी।
जयपुर पुलिस की अपील
जयपुर पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के विरुद्ध इस अभियान में पुलिस का सहयोग करें। पुलिस का स्पष्ट संदेश है कि अवैध मादक पदार्थों के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
पुलिस टीम: इस सफल कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में C.S.T. आयुक्तालय जयपुर एवं पुलिस थाना विश्वकर्मा जयपुर पश्चिम के अधिकारी व जवान शामिल रहे।