| गौरव कोचर
जयपुर। राजधानी में अपराध और अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत मानसरोवर थाना पुलिस और जिला स्पेशल टीम (DST) को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने मोबाइल स्नैचिंग और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 3 अवैध देशी कट्टों के साथ गिरफ्तार किया है।
दबदबा बनाने के लिए रखे थे हथियार
पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि जयपुर दक्षिण जिले में कुछ आपराधिक तत्वों द्वारा आमजन में भय पैदा करने और अपना वर्चस्व कायम करने के लिए अवैध हथियार रखने की गुप्त सूचना मिली थी। इस पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) आदित्य काकडे के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
न्यू आतिश मार्केट के पास से हुई गिरफ्तारी
22 दिसंबर 2025 को गश्त के दौरान DST को अवैध हथियारों की सप्लाई के संबंध में सटीक सूचना मिली। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मानसरोवर थानाधिकारी लखन सिंह खटाना के नेतृत्व में पुलिस टीम ने न्यू आतिश मार्केट के पास घेराबंदी की। यहाँ से संदिग्ध इन्द्रेश सैन उर्फ चिन्टू को दस्तयाब किया गया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 03 अवैध देशी कट्टे बरामद हुए।
आरोपी का विवरण और कानूनी कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी इन्द्रेश सैन उर्फ चिन्टू (28 वर्ष), निवासी सपोटरा (करौली), वर्तमान में मानसरोवर के वरुण पथ पर किराए से रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना मानसरोवर पर मुकदमा नम्बर 1021/2025 धारा 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से हथियारों की खरीद-फरोख्त और उसके नेटवर्क के बारे में गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्रवाई में DST के राजवीर (कानि. 10220) और राजेश (कानि. 9660) की विशेष भूमिका रही।
कार्यवाही में शामिल टीम:
लखन सिंह खटाना (थानाधिकारी), धासीराम (हैड कानि. 1748), रामलाल (कानि. 9271), मनोज (कानि. 10720), नरेश (कानि.), राजवीर (कानि. 10220) एवं राजेश (कानि. 9660)।

