रिपोर्ट: क्राइम डेस्क / गौरव कोचर /जयपुर –जिला जयपुर पश्चिम पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए चेतन डूंगरी (नींदड़) के पास मिले अज्ञात पुरुष के ब्लाइंड मर्डर और लूट की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
मौज-मस्ती और महंगे शौक के लिए बनाई थी लूट की योजना
पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे अपने महंगे शौक और हाई-प्रोफाइल जीवन जीने के लिए पिछले 4-5 दिनों से लूट की योजना बना रहे थे। 20 जुलाई को खाटूश्याम जी के लिए गाड़ी बुक की गई थी, लेकिन भारी बारिश के कारण वारदात अंजाम नहीं दी जा सकी। इसके बाद 21 जुलाई की देर रात लगभग 2 बजे आरोपियों ने उबर (Uber) ऐप के जरिए एक अर्टिगा टैक्सी (RJ11TA1485) बुक की।
राजावास टोल से पहले सुनसान जगह पर ले जाकर आरोपियों ने टैक्सी चालक पर चाकू से वार किए और ब्लिंकिट (Blinkit) ऐप से मंगवाई रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपियों ने शव को चेतन डूंगरी के पास फेंक दिया और गाड़ी लेकर दौसा की ओर फरार हो गए। वारदात के लिए आरोपियों ने विद्याधर नगर से चाकू और ऑनलाइन ऐप से रस्सी खरीदी थी।
सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से हुई शिनाख्त
22 जुलाई को हरमाड़ा थाना क्षेत्र में शव मिलने की सूचना पर पुलिस अधिकारियों और एफएसएल (FSL), डॉग स्क्वॉयड तथा एमओबी (MOB) टीमों ने मौका मुआयना किया। पुलिस थाना हरमाड़ा पर धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी शाखा की मदद से मृतक की पहचान लखपत (उम्र 34 वर्ष) पुत्र कमल सिंह (निवासी धौलपुर, हाल निवासी विद्याधर नगर, जयपुर) के रूप में हुई। इसके बाद उबर ऐप से मिले इनपुट और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को डिटेन किया, जिन्होंने पूछताछ में अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी:
- सुधांशु जांगिड़ (22 वर्ष) पुत्र राजेश जांगिड़, निवासी गोविंद नगर, नाड़ी का फाटक, मुरलीपुरा, जयपुर।
- सोनू बैरवा (23 वर्ष) पुत्र नंद किशोर बैरवा, निवासी पंडितपुरा, बांदीकुई, जिला दौसा (हाल निवासी गणेश नगर, नाड़ी का फाटक, मुरलीपुरा, जयपुर)।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम:
नरेंद्र भड़ाना (थानाधिकारी हरमाड़ा), गणेश सैनी (प्रभारी डीएसटी), रामोतार (उनि), पवन (हैड कानि.), भरत (हैड कानि.), राकेश (हैड कानि.), रामेश्वर (हैड कानि.), बहादुर सिंह (हैड कानि. – विशेष भूमिका), राजमहेंद्र (कानि. – विशेष भूमिका), दयाराम (कानि.), राकेश (कानि.), महेंद्र (कानि.), मुकुट बिहारी (कानि.), सुरेश मिठारवाल (कानि.), सांवर (कानि.), मूलाराम (हैड कानि.), देशराज (हैड कानि.), राजेंद्र (हैड कानि.), जीतराम (कानि.), सुरेश कुमार (कानि.) और सुनील कुमार (कानि.)।