गौरव कोचर
जयपुर, 09 अप्रैल 2026
जयपुर पूर्व जिला विशेष टीम (DST) और जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने आईपीएल 2026 के मैचों पर सट्टा खेलने वालों के खिलाफ एक बड़ी संयुक्त कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने सिद्धार्थ नगर स्थित एक अपार्टमेंट में छापा मारकर दिल्ली कैपिटल्स बनाम गुजरात टाइटंस के बीच चल रहे टी-20 मैच पर ऑनलाइन सट्टा लगाते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गोपनीय सूचना पर दी दबिश
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व, रंजीता शर्मा (IPS) ने बताया कि जवाहर सर्किल इलाके के गोकुल धाम अपार्टमेंट-02 के फ्लैट नंबर 203 में अवैध सट्टा संचालित होने की गोपनीय सूचना मिली थी। इस पर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त विनोद कुमार शर्मा के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने योजनाबद्ध तरीके से फ्लैट पर दबिश दी, जहाँ आरोपी लाइव मैच पर दांव लगवा रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों का विवरण
पुलिस ने मौके से निम्नलिखित आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- किशन मीणा (32): निवासी मालवीय नगर, जयपुर।
- खालिद (24): निवासी मनोहरपुरा कच्ची बस्ती, जगतपुरा, जयपुर।
- कुशाल (30): निवासी श्री डूंगरगढ़, बीकानेर (हाल मालवीय नगर, जयपुर)।
- दिनेश (30): निवासी मालवीय नगर, जयपुर।
बरामदगी और तकनीकी उपकरण
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सट्टा कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे कई इलेक्ट्रॉनिक उपकरण और हिसाब-किताब बरामद किया है:
- उपकरण: 01 लैपटॉप (मय चार्जर), 01 आई-पैड, 02 एंड्रॉइड मोबाइल, 02 की-पैड फोन और 01 कैलकुलेटर।
- लेन-देन: लैपटॉप की जांच में 02 लाख रुपये से अधिक का ऑनलाइन सट्टे का हिसाब मिला है।
अपराध का तरीका (Modus Operandi)
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ‘ALL PANEL EXCHENG APP’ के माध्यम से ग्राहकों को ऑनलाइन जोड़ते थे। इस ऐप के जरिए सट्टे के भाव उपलब्ध करवाए जाते थे और ग्राहक अपनी पसंदीदा टीमों पर अंकों में दांव लगाते थे। हार-जीत का फैसला होने के बाद सट्टा राशि का भुगतान ऑनलाइन और नकद (कैश) दोनों माध्यमों से किया जाता था। आरोपियों ने हिसाब रखने के लिए अलग से व्यक्ति नियुक्त कर रखा था।
कानूनी कार्रवाई
आरोपियों के खिलाफ थाना जवाहर सर्किल में प्रकरण संख्या 160/26 के तहत बी.एन.एस की धारा 318(4), 112(2), 61(2), आईटी एक्ट की धारा 66(डी) और 3/4 आरपीजीओ के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों से उनके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
पुलिस टीम में शामिल सदस्य:
बन्ना लाल (उ.नि.), छीतरमल (स.उ.नि.), अविनाश (हैड कानि), रणवीर सिंह (हैड कानि), राजेश (कानि), धर्मेन्द्र (कानि) एवं पुलिस थाना जवाहर सर्किल टीम।
