जयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: शातिर वाहन चोर अर्जुन जोगी गिरफ्तार, चोरी की स्कूटी बरामद
जयपुर | 9 जनवरी, 2026
| गौरव कोचर
जयपुर शहर में बढ़ती वाहन चोरी और नकबजनी की वारदातों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस आयुक्तालय की स्पेशल टीम (CST) ने प्रताप नगर थाना पुलिस के साथ मिलकर एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस ने शातिर वाहन चोर अर्जुन जोगी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की एक स्कूटी बरामद की है।
वांछित अपराधी चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के मार्गदर्शन और विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) राहुल प्रकाश के निर्देशन में चलाई जा रही मुहीम के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त (अपराध) अभिजीत सिंह के निकट सुपरविजन में सीएसटी ने आसूचना संकलित कर आरोपी को प्रताप नगर इलाके से पकड़ा। गिरफ्तार आरोपी अर्जुन जोगी पुलिस थाना सोडाला के एक पुराने मुकदमे में लंबे समय से वांछित चल रहा था।
मामला और गिरफ्तारी का घटनाक्रम
प्रताप नगर निवासी परिवादी कृष्ण कुमार निमोरिया ने दर्ज कराया था कि 30 दिसंबर, 2025 को उनकी MAESTRO स्कूटी (RJ52 SA 4134) द्वारकापुरी अपार्टमेंट के नीचे से चोरी हो गई थी। पुलिस ने बीएनएस की धारा 303(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों की सूचना पर पुलिस ने सी 4/104 जेडीए कॉलोनी, जयसिंहपुरा भांकरोटा निवासी 30 वर्षीय अर्जुन जोगी को दबोच लिया।
आपराधिक इतिहास: पहचान छुपाने के लिए करता था चोरी
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी अर्जुन जोगी एक आदतन अपराधी है। वह पूर्व में मारपीट, अवैध शराब तस्करी और हत्या जैसे गंभीर अपराधों में जेल जा चुका है। आरोपी ने खुलासा किया कि वह अन्य अपराधों को अंजाम देने के दौरान अपनी असली पहचान छुपाने के लिए चोरी के वाहनों का उपयोग करता था ताकि पुलिस की पकड़ में न आए।
पुलिस टीम की भूमिका
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक खलील अहमद, उप निरीक्षक ओमेंद्र सिंह, सहायक उप निरीक्षक पुरुषोत्तम, हेड कांस्टेबल राजकुमार, कांस्टेबल सतीश, रतन, महिपाल और लोकेश की मुख्य भूमिका रही।