गौरव कोचर
जयपुर। जयपुर पुलिस आयुक्तालय की सीएसटी (Crime Status Team) ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने महेश नगर थाना क्षेत्र में संयुक्त कार्यवाही करते हुए एक शातिर ड्रग माफिया को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 149 ग्राम अवैध स्मैक और तस्करी में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
खुफिया सूचना पर घेराबंदी, सामुदायिक केंद्र के पास दबोचा
जयपुर पुलिस द्वारा अवैध मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ लगातार इंटेलिजेंस विकसित की जा रही है। इसी कड़ी में सीएसटी को पुख्ता जानकारी मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति भारी मात्रा में ड्रग्स के साथ किसी को सप्लाई देने की फिराक में है।
सूचना के आधार पर सीएसटी और महेश नगर थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से योजना बनाकर सामुदायिक केंद्र के पास दबिश दी। वहां मोटरसाइकिल पर बैठे एक संदिग्ध व्यक्ति की तलाशी लेने पर उसके पास से पारदर्शी प्लास्टिक की थैली में रखी 149 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने ड्रग्स समेत परिवहन में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल (नंबर: RJ60 HS 3466) को भी जब्त कर लिया है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
पकड़े गए आरोपी की पहचान राजकुमार मीना (उम्र 24 वर्ष), पुत्र मानसिंह मीना, निवासी गांव कोडॅर, पुलिस थाना सदर करौली, जिला करौली के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ महेश नगर थाने में प्रकरण संख्या 226/2026, धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट (NDPS Act) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि ड्रग्स सप्लाई नेटवर्क के मुख्य स्रोतों और इससे जुड़े अन्य तस्करों का पर्दाफाश किया जा सके।
इन अधिकारियों के नेतृत्व व टीम ने दी दबिश
यह पूरी कार्यवाही पुलिस आयुक्त सचिन मित्तल के मार्गदर्शन में, विशेष पुलिस आयुक्त (ऑपरेशन्स) ओमप्रकाश के निर्देशन एवं पुलिस उपायुक्त अपराध संजीव नैन के निकट सुपरविजन व नेतृत्व में सीएसटी और महेश नगर थाना पुलिस टीम द्वारा संयुक्त रूप से अंजाम दी गई।
जयपुर पुलिस की आमजन से अपील
जयपुर पुलिस ने इस बड़ी कार्यवाही के बाद आमजन से अपील की है कि वे नशे के खिलाफ इस जंग में पुलिस का सहयोग करें। यदि उनके आसपास किसी भी प्रकार की अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की गतिविधि नजर आती है, तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। अवैध मादक पदार्थों के काले कारोबार में संलिप्त किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।