जयपुर पुलिस की बड़ी कामयाबी: 10 हजार का इनामी उत्तर प्रदेश से गिरफ्तार, विशेष अभियान के तहत मिली सफलता
| गौरव कोचर
जयपुर, 09 फरवरी 2026 | राजधानी में इनामी अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विद्याधर नगर थाना पुलिस ने एक महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश के आगरा से 10 हजार रुपये के इनामी वांछित अभियुक्त लक्की शर्मा को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है।
विशेष अभियान और पुलिस की घेराबंदी
पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि जयपुर पुलिस आयुक्तालय द्वारा वांछित और इनामी अपराधियों के विरुद्ध एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना विद्याधर नगर में दर्ज अभियोग संख्या 08/2026 (धारा 69 BNS) के तहत फरार चल रहे अभियुक्त लक्की शर्मा की गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
अपराधी की तलाश के लिए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त उत्तर (द्वितीय) बजरंग सिंह शेखावत एवं सहायक पुलिस आयुक्त (शास्त्री नगर) सुरेंद्र सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी हिम्मत सिंह के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया था।
तकनीकी विश्लेषण से मिली लोकेशन
पुलिस टीम ने परंपरागत मुखबिर तंत्र के साथ-साथ आधुनिक तकनीकी संसाधनों का उपयोग किया। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अभियुक्त की लोकेशन उत्तर प्रदेश में ट्रेस की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 8 फरवरी 2026 को दबिश देकर अभियुक्त को दस्तयाब किया। पूछताछ और आवश्यक अनुसंधान के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है।
अभियुक्त का विवरण
- नाम: लक्की शर्मा (पुत्र राजेश कुमार शर्मा)
- उम्र: 31 साल
- निवासी: नगला देवजीत, पुलिस थाना एत्माद्दौला, जिला आगरा (उत्तर प्रदेश)
अनुसंधान जारी
थानाधिकारी हिम्मत सिंह ने बताया कि आरोपी से प्रकरण के संबंध में गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि फरारी के दौरान उसे किन लोगों ने शरण दी थी। इस गिरफ्तारी से क्षेत्र के अन्य वांछित अपराधियों में हड़कंप है।
