| गौरव कोचर
जयपुर। राजधानी के जवाहर सर्किल थाना पुलिस ने राहजनी और स्नेचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाते हुए एक शातिर पर्स स्नेचर को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, लूटा गया मोबाइल और 10 हजार रुपये की नकदी बरामद की है।
वारदात का संक्षिप्त विवरण
घटना बीते 16 दिसंबर 2025 की है, जब परिवादिया मधु गोस्वामी (61) ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि निर्माण नगर से जगतपुरा जाते समय गौरव टावर (GT) के पास रेलवे लाइन के नजदीक एक बाइक सवार बदमाश उनके ऑटो के पास आया। बदमाश चलती ऑटो से उनका पर्स झपटकर फरार हो गया। पर्स में 70,000 रुपये नकद, मोबाइल फोन और महत्वपूर्ण दस्तावेज (आधार, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस आदि) मौजूद थे। पुलिस ने इस मामले में धारा 304 (2) BNS के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
ऐसे दबोचा गया आरोपी
पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) संजीव नैन के निर्देशों पर सहायक पुलिस आयुक्त मालवीय नगर विनोद शर्मा के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी साक्ष्य जुटाते हुए:
- घटनास्थल और भागने के रास्तों का रूट मैप तैयार किया।
- इलाके के लगभग 150 से 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
- फुटेज में नजर आए हुलिए और बाइक नंबर के आधार पर संदिग्ध की पहचान की।
कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने आरोपी हासिम अख्तर (25) पुत्र मुस्ताक अहमद को गिरफ्तार किया। आरोपी मूल रूप से घाटगेट (ट्रांसपोर्ट नगर) का निवासी है और वर्तमान में गांधी विहार (खोनागोरियान) में रह रहा था।
कार्यवाही में शामिल पुलिस टीम
इस महत्वपूर्ण कार्यवाही को अंजाम देने वाली टीम में आशुतोष सिंह (थानाधिकारी), सुरेन्द्र सिंह (स.उ.नि.), हरिओम (कानि. 3907), मुकेश (कानि. 12151) और हरीराम (कानि. 8543) शामिल रहे। इस पूरे ऑपरेशन में कानिस्टेबल हरिओम और मुकेश की विशेष भूमिका रही।