गौरव कोचर
जयपुर, 15 मई। राजस्थान पुलिस के ध्येय वाक्य ‘आमजन में विश्वास और अपराधियों में भय’ को चरितार्थ करने की दिशा में जयपुर पुलिस एक बड़ी पहल करने जा रही है। जयपुर पुलिस आयुक्त श्री सचिन मित्तल आगामी 17 मई (रविवार) को शहर के परकोटा क्षेत्र स्थित रामगंज पुलिस थाने पर विशेष जनसुनवाई करेंगे।
दो सर्किल के पांच थानों की समस्याओं पर होगी सुनवाई
पुलिस आयुक्तालय द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह जनसुनवाई दोपहर 11:30 बजे से 01:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। इस दौरान मुख्य रूप से दो सर्किलों के अंतर्गत आने वाले पांच थानों के परिवादी अपनी शिकायतें लेकर पहुंच सकते हैं:
- रामगंज सर्किल: थाना रामगंज एवं थाना गलतागेट।
- माणकचौक सर्किल: थाना माणकचौक, थाना सुभाषचौक एवं महिला थाना (उत्तर)।
तुरंत राहत पहुँचाना मुख्य उद्देश्य
इस जनसुनवाई का मुख्य उद्देश्य संबंधित क्षेत्रों के निवासियों की पुलिस से जुड़ी समस्याओं और लंबित प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निस्तारण करना है। पुलिस आयुक्त स्वयं परिवादियों की समस्याएं सुनेंगे, जिससे न केवल जांच प्रक्रिया में पारदर्शिता आएगी, बल्कि आमजन को पुलिस थानों के चक्कर काटने से भी राहत मिलेगी।
जनता से सीधे संवाद की पहल
शहर की कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और जनता के बीच पुलिस की पहुंच को सुलभ बनाने के लिए इस तरह के आयोजन महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं। स्थानीय नागरिकों के लिए यह एक अवसर होगा जहां वे अपनी समस्याओं, सुरक्षा संबंधी सुझावों या लंबित शिकायतों को सीधे उच्चाधिकारी के समक्ष रख सकेंगे।
पुलिस प्रशासन ने संबंधित क्षेत्र के नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित समय पर उपस्थित होकर इस जनसुनवाई का लाभ उठाएं।