जयपुर पश्चिम पुलिस की बड़ी कार्रवाई — 25 हजार रुपये के ईनामी अपराधी मनोज कुमार गिरफ्तार
गौरव कोचर •
जयपुर, 10 नवम्बर 2025।
अपराध शाखा जयपुर, राजस्थान द्वारा सक्रिय बदमाशों और वांछित अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जयपुर शहर (पश्चिम) पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम हनुमान प्रसाद, आईपीएस ने बताया कि अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंगल के नेतृत्व में गठित डीएसटी टीम और तकनीकी टीम को वांछित अपराधियों की धरपकड़ के निर्देश दिए गए थे। इस अभियान के दौरान वैशाली नगर थाना क्षेत्र से 25,000 रुपये के इनामी अपराधी मनोज कुमार पुत्र बंशीधर निवासी गांव सुन्दरियावास, थाना कालवाड, जिला जयपुर को गिरफ्तार किया गया है।
मामला और कार्रवाई:
डीएसटी टीम जयपुर पश्चिम ने मुखबिर तंत्र से प्राप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश की। आरोपी के विरुद्ध मुकदमा संख्या 18/2025, धारा 318(4), 61(2)(ए) बीएनएस 2023, 43, 66 आईटी एक्ट 2008 एवं 10(1) राजस्थान सार्वजनिक परीक्षा अधिनियम के तहत थाना वैशाली नगर में मामला दर्ज था।
तरीका-ए-वारदात:
आरोपी मनोज कुमार ने नेशनल सीड्स कॉर्पोरेशन लिमिटेड की एग्री ट्रेनी भर्ती परीक्षा में MEID सॉफ्टवेयर और डिजिटल उपकरणों का प्रयोग करते हुए कम्प्यूटर सेंटर संचालकों व हैकर साथियों के साथ मिलकर पेपर हल करवाने की साजिश रची थी। इस परीक्षा फर्जीवाड़े में प्रत्येक छात्र से ₹50,000 एडवांस लिए गए थे। आरोपी परीक्षा दिवस पर लेब हेरिटेज वायुना सेंटर हेड के रूप में मौजूद रहकर नकल करवाने की मुख्य भूमिका में था।
इनामी सूचना:
आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम के कार्यालय आदेश संख्या 505-15 दिनांक 17.04.2025 के तहत ₹25,000 का इनाम घोषित था।
ईनामी आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम:
गणेश सैनी (पुलिस निरीक्षक, डीएसटी प्रभारी जयपुर पश्चिम), पवन (हेड कांस्टेबल 599), सांवर मल (कांस्टेबल 11190 – विशेष भूमिका), सुरेन्द्र (हेड कांस्टेबल, थाना वैशाली नगर) और दिनेश शर्मा (हेड कांस्टेबल 2174, तकनीकी टीम जयपुर पश्चिम)।