जयपुर पश्चिम पुलिस की बड़ी सफलता — कॉपर चोरी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, सरकारी विद्युत सामग्री बरामद
गौरव कोचर •
जयपुर, 5 नवम्बर 2025।
जयपुर शहर में बढ़ती चोरी और नकबजनी की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) हनुमान प्रसाद (IPS) के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना वैशाली नगर पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए सरकारी विद्युत तंत्र के पिलर बॉक्सों से कॉपर की चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस थाना वैशाली नगर में परिवादी महेश कुमार नामा (कनिष्ठ अभियंता, विद्युत विभाग) द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि 16 अक्टूबर से 26 अक्टूबर 2025 के बीच सिरसी रोड, ऑफिसर्स कैंपस, संस्कार स्कूल, रतनबाग मैरिज गार्डन, मोजेक होटल, हनुमान नगर विस्तार और आनंद नगर क्षेत्र में विद्युत पिलर बॉक्सों से कॉपर कॉन्टेक्ट और कॉपर रॉड चोरी कर ली गई। इस संबंध में प्रकरण संख्या 435/2025 धारा 303(2) बीएनएस 2023 में मामला दर्ज किया गया।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) आलोक सिंघल के सुपरविजन एवं सहायक पुलिस आयुक्त वृत्त वैशाली नगर अनिल शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में टीम का गठन कर माल एवं मुल्जिम की तलाश शुरू की गई।
टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और मुखबिर की सूचना के आधार पर चोरी की वारदातों में शामिल आरोपी सब्बन हुसैन उर्फ राजू पुत्र लडन हुसैन, उम्र 28 वर्ष, निवासी भादसिया भामुया, थाना कादरचौक, जिला बदायूं (उत्तर प्रदेश) हाल निवासी झोटवाड़ा, जयपुर को दस्तयाब कर पूछताछ की। आरोपी ने चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर चोरी का सरकारी कॉपर सामान बरामद किया गया।
वारदात का तरीका
आरोपी दिन और रात में विभिन्न इलाकों में जाकर रैकी करता था तथा बिजली के एलटी बॉक्सों से तार काटकर कॉपर का सामान चुराता था।
गिरफ्तार आरोपी
सब्बन हुसैन उर्फ राजू, पुत्र लडन हुसैन, उम्र 28 वर्ष, निवासी भादसिया भामुया, थाना कादरचौक, जिला बदायूं (उ.प्र.), हाल निवासी डायमंड कॉम्प्लेक्स के पीछे, झोटवाड़ा, जयपुर।
पुलिस टीम
पर्वत सिंह, सुरेन्द्र कुमार, दीपचंद, आशीष कुमार, विनोद कुमार (थाना वैशाली नगर) की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया।
विशेष भूमिका
आरोपी को पकड़ने और चोरी का माल बरामद करने में सुरेन्द्र कुमार, आशीष कुमार व दीपचंद की विशेष भूमिका रही।